Recent Posts

Breaking News

Kangra: नगरोटा बगवां में एचआरटीसी ड्राइवर आया ट्रेन की चपेट में, गंभीर हालत में टांडा अस्‍पताल रेफर


नगरोटा बगवां में एचआरटीसी ड्राइवर आया ट्रेन की चपेट में, गंभीर हालत में टांडा अस्‍पताल रेफर

नगरोटा बगवां। रेलवे स्टेशन नगरोटा बगवां के समीप हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम का चालक ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक रेलवे स्टेशन के समीप एचआरटीसी की वर्कशॉप में बस खड़ी करने के बाद चालक रेल पटरी पर जा रहा था कि रेलगाड़ी की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि कान में मोबाइल हेडफोन लगा रखे थे, इस कारण उसे रेलगाड़ी की आवाज सुनाई नहीं दी। चालक को नगरोटा बगवा सिविल अस्‍पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में डॉक्‍टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है ड्राइवर का चेहरा बुरी तरह से जख्‍मी हुआ है। लोगों ने तुरंत घायल को निजी वाहन में डालकर अस्‍पताल पहुंचाया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्‍सकों ने उन्‍हें फौरन टांडा अस्‍पताल रेफर कर‍ दिया। घायल ड्राइवर का टांडा अस्‍पताल में उपचार चल रहा है।

कांगड़ा घाटी ट्रेन की रफ्तार कम ही होती है व यहां बड़े का बहुत कम अंदेशा रहता है। लेकिन इस हादसे में चालक की ओर से हेडफोन की लीड्स कान में लगाने के कारण उसे कुछ सुनाई नहीं दिया व वह ट्रेन की चपेट में आ गया।

बताया जा रहा है चालक नाइट ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था। इस कारण क्‍यास लगाए जा रहे हैं कि वह नींद में ही हो सकता है। ड्राइवर बस स्‍टैंड के पास वर्कशाॅप में बस खड़ी कर घर की ओर जा रहा था। हादसे में घायल हुआ ड्राइवर बाबा बड़ोह के सुन्‍नी सरोत्री क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा। एचआरटीसी के अधिकारी भी चालक का हाल जानने टांडा अस्‍पताल में पहुंचे।

No comments