Kangra: फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सभी पास अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराएगी सेना

भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े को देखते हुए सेना हिमाचल में पहली बार लिखित परीक्षा पास कर चुके सभी अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों की शिक्षा बोर्डों से सत्यापन कराएगी। प्रमाण-पत्रों की जांच के तय शेड्यूल के दौरान सेना अभ्यर्थी से शिक्षा बोर्ड को सत्यापन के लिए ऑनलाइन आवेदन कराएगी। शिक्षा बोर्ड की यह रिपोर्ट सीधे सेना के ट्रेनिंग सेंटर में पहुंच जाएगी। सेना निदेशालय हिमाचल में हुई भर्ती में चयनित युवाओं के दसवीं और जमा दो कक्षा के मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने जा रहा है। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सत्यापन का 600 रुपये शुल्क वसूलेगा। अन्य बोर्ड अपनी तय फीस लेंगे।
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर और मंडी ने चयनित 1817 युवाओं को मूल प्रमाण पत्रों की जांच के लिए अलग-अलग तिथियों को कार्यालय में बुलाया है। वहीं से ही डिमांड ड्रॉफ्ड बनाने के बाद ऑनलाइन आवेदन संबंधित शिक्षा बोर्ड को किए जाएंगे, ताकि मूल प्रमाण पत्र के फर्जी होने की शंका दूर की जा सके। सेना भर्ती कार्यालय मंडी और पालमपुर के तहत आने वाले मंडी, कुल्लू, लाहुल-स्पीति, कांगड़ा और चंबा के 1817 युवाओं ने सेना भर्ती की लिखित परीक्षा पास की है। उधर, सेना भर्ती अधिकारी पालमपुर कर्नल संदीप सीरोही ने कहा कि चयनित युवाओं के मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन संबंधित बोर्ड से किया जाएगा। जिस दिन मूल प्रमाण पत्र की जांच कार्यालय में होगी, उसी दिन सत्यापन के लिए ऑनलाइन आवेदन संबंधित शिक्षा बोर्ड को अभ्यर्थी की ओर से करवाया जाएगा।
No comments