Mandi: महिला को डंडों से पीटते रहे भाई और अन्य लोग, 'तमाशबीन' बनी रही पुलिस

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की बड़ा भीम पंचायत के हाथी थानगांव में भाई और उसके परिवार पर अपनी बहन को पीटने का आरोप लगा है. आरोप यह भी है कि इस दौरान पुलिस तमाशबीन बनी रही. पूरा मामला प्रॉपर्टी के विवाद से जुड़ा है.
जानकारी के अनुसार, महिला कृष्णा देवी ने पेड़ों को काटने की शिकायत भुंतर थाने (Bhunter Police Station) में दी थी. इस पर पुलिस मामले की छानबीन के लिए घटनास्थल पर पहुंची थी. इस दौरान कृष्णा देवी के भाई और अन्य ने पुलिस की टीम के सामने डंडों से पिटाई की. पुलिस की टीम तमाशा देखती रह गई.
मौके से भागी महिला:
कृष्णा देवी ने मौके से भागकर जान बचाई. इस मामले में कृष्णा देवी ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. कृष्णा देवी ने बताया कि उनके पिता ने उन्हें 2010 में अपनी प्रॉपर्टी से जमीन दी है. उनके पिता की दूसरी पत्नी का बेटा रूप सिंह इस जमीन को हथियाना चाहता है. रूपचंद के परिवार ने उनके जमीन में लगे पेड़-पौधे काट दिए. इस पर उन्होंने भुंतर पुलिस में मामला दर्ज कर छानबीन की मांग की थी. महिला ने बताया कि मामले को लेकर उन्होंने एसपी कुल्लू को शिकायत पत्र दिया है. एसपी ने भुंतर थाने के पुलिस कर्मियों को मामले में उचित कार्रवाई के निर्देश दिए.
हाथ और सिर पर चोटें:
जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो रूपचंद के परिवार के राकेश, हेमराज, खेमचंद और उत्तम राम ने उनकी डंडों से पिटाई कर दी. इससे महिला के सिर-हाथ में चोट आई है. हाथ में टांके भी लगे हैं. महिला ने आरोप लगाया कि जिस वक्त रूपचंद के परिवार ने उनकी पिटाई की, पुलिस टीम तमाशा देखती रह गई. पुलिस वालों ने उन्हें नहीं रोका. उसके वहां से भागकर अपनी जान बचाई. रूपचंद के पूरे परिवार ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है.
No comments