Recent Posts

Breaking News

Shimla: दिल्ली से आज चंडीगढ़ पहुंचेंगे मुख्यमंत्री जयराम


शिमला – जयराम मंत्रिमंडल की बैठक 17 फरवरी को तय हो गई है। इस दिन शिमला में ही यह बैठक शाम तीन बजे होगी। इसका शेड्यूल जारी करने के साथ सभी मंत्रियों को भेज दिया गया है। विधानसभा के बजट सत्र से पहले यह महत्वपूर्ण बैठक है, क्योंकि इसमें मंत्रिमंडल सत्र के लिए अपनी रणनीति तय करेगा। इस बैठक में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की जानी है, जिसे तैयार करने के लिए प्रशासनिक मशीनरी जुट गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री की वापसी का शेड्यूल भी जारी हुआ तो कैबिनेट का भी।

 अभी शीतकालीन प्रवास का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है जो वीरवार तक सामने आ सकता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कई दिनों के बाद दिल्ली से अब लौटने वाले हैं। वह कई दिनों से दिल्ली में हैं और गुरुवार को वहां से लौटकर चंडीगढ़ पहुंचेंगे। चंडीगढ़ में सीएम देर शाम आएंगे, जिनका रात्रि ठहराव वहीं रहेगा। शुक्रवार सात फरवरी को मुख्यमंत्री चंडीगढ़ में ही चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के कनवोकेशन में शामिल होने के बाद शाम सवा चार बजे शिमला लौटेंगे। इसके बाद वह सचिवालय में बैठकर कामकाज निपटाएंगे। सीएम का अभी सात फरवरी का ही कार्यक्रम सामने आया है। आठ फरवरी से उनका शीतकालीन प्रवास होगा या नहीं अभी तय नहीं है। उधर, मंत्रिमंडल की बैठक में राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा के अलावा विधानसभा में आने वाले विधेयकों पर चर्चा होगी। इस दौरान टीसीपी का संशोधित विधेयक व मार्किटिंग बोर्ड से जुड़ा विधेयक भी आना है, जो कि सिलेक्ट कमेटी को भेजा गया है। बताया जाता है कि इसमें उद्योगों से जुड़े दो प्रस्ताव भी आने हैं, जिसमें नॉलेज पार्टनर को एक्सटेंशन का मामला है, वहीं  इन्वेस्टमेंट प्रोमोशन अथारिटी से जुड़े विधेयक पर भी चर्चा की जानी है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में नौकरियों के प्रस्ताव भी आने हैं, जो कि लंबित पडे़ हुए हैं। मंत्रिमंडल की बैठक में बजट सत्र को लेकर पूरी रणनीति बनेगी।

नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करे दिल्ली

शिमला— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने हिमाचल भाजपा  आईटी विभाग की टीम के द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की एवं दिल्ली चुनाव में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे कार्यकर्ताओं के काम की सराहना की। मुख्यमंत्री ने दिल्ली विधानसभा के मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवारों को समर्थन देने और चुनने का आग्रह किया है, ताकि राष्ट्रीय राजधानी को सुरक्षित बनाया जा सके और शाहीन बाग जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं दोबारा घटित न हों। बुधवार को दिल्ली के करोलबाग विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया तथा उत्तम नगर विधानसभा क्षेत्र के मोहन गार्डन व बिंदापुर में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास से मुख्यमंत्री खुश

शिमला— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास गठित करने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे देश व विदेश में रहने वाले करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस न्यास में 15 सदस्य होंगे, जिनमें से एक दलित समुदाय का सदस्य होगा।

No comments