Shimla: डिपुओं में महंगे होंगे तेल-चीनी

शिमला – राशन के डिपो में मिलने वाला तेल अब 15 से 20 रुपए महंगा होने जा रहा है। सरसों के तेल के साथ रिफाइंड तेल के दाम में भी इतनी वृद्धि होनी तय है। इसके साथ लोगों को डिपो में अब पैकड चीनी मिलेगी, जिसका दाम भी करीब पांच रुपए प्रति किलो बढ़ेगा। सूत्रों के अनुसार खाद्य आपूर्ति विभाग ने टेंडर सरकार को भेजा हुआ है, जिस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मंजूरी चाहिए। चूंकि सीएम दिल्ली में व्यस्त हैं, इस कारण से अभी तक इस टेंडर पर कोई निर्णय नहीं हो सका है। सीएम के लौटने के बाद निर्णय होगा। सीएम शुक्रवार को शिमला लौट रहे हैं, जिसके बाद का उनका कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।
बता दें कि राशन के डिपो में मिलने वाला सरसों का तेल अभी 75 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है, जिसमें बढ़ोतरी होती है तो यह 90 से 95 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। वहीं रिफाइंड का मूल्य अभी 70 रुपए प्रति लीटर है, जो 85 से 90 रुपए प्रति लीटर हो जाएगा। राज्य सरकार तेल में अधिकतम 11 रुपए की सबसिडी देती है और उसके द्वारा दी जानी वाली सबसिडी से भी तेल को महंगा होने से नहीं रोका जा सकता। उधर, डिपो में चीनी भी अब महंगी हो जाएगी, जिसके दाम में पांच रुपए प्रति किलो का इजाफा होने की आशंका है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि सरकार अब उपभोक्ताओं को पैक की हुई चीनी देने जा रही है। इससे चीनी में आर्द्रता नहीं होगी और उसकी क्वालिटी भी सुधरेगी। इसके अलावा चीनी का वजन भी कम नहीं होगा और पूरी एक किलो की पैकिंग लोगों को मिलेगी, जैसे कि दालें दी जाती हैं।
दालें पहले ही हो चुकी हैं महंगी
बाजार में भी दालों के दाम में बढ़ोतरी हुई है, वहीं डिपो में भी सबसिडी के बावजूद दालें महंगी हो चुकी हैं, जिनके दाम में पांच से 10 रुपए तक की बढ़ोतरी देखी गई है।
तेल में ज्यादा होगा पोषण
सरसों व रिफाइंड तेल में सरकार आने वाले समय में विटामिन ए, डी व ई भी प्रोवाइड करवाएगी, जिसके लिए भी इसी टेंडर में प्रावधान किया गया है। अब सीएम कार्यालय से टेंडर को मंजूरी मिलने पर सप्लाई ऑर्डर दिया जाएगा।
No comments