Recent Posts

Breaking News

Una: समनाल से लालूवाल रोड का काम लटका


हरोली –समनाल से लालूवाल तक स्तरोन्नत हुई सड़क का कार्य इंटरलॉक की कमी होने के कारण बीच में ही लटक गया है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। एक माह से भी अधिक समय से इस सड़क पर इंटरलॉक लगाने का कार्य चल रहा है, जो कि आज दिन तक पूरा नहीं हो पाया है। इसके चलते लोगों को जोखिम भरा सफर करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, वाहनों के आवागमन से उड़ रही धूल-मिट्टी भी लोगों की सेहत पर बुरा प्रभाव डाल रही है। 

स्थानीय लोगों में मनजीत सिंह, राकेश कुमार, सोनू, कुलदीप कुमार, पुष्पिंद्र, बलबिंद्र सिंह इत्यादि का कहना है कि समनाल की चढ़ाई पर लग रहे इंटरलॉक का कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया है। इसके चलते उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समनाल से बालीवाल को जाने वाली तीखी चढ़ाई पर इंटरलॉक लगाए जा रहे हैं, जो कि सुरक्षा की दृष्टि से भी उचित नहीं है। चढ़ाई पर लगाए इंटरलॉक पर बड़े वाहन फिसल रहे हैं। वहीं, उतराई से उतरते समय ब्रेक लगाते समय टायर स्किड हो रहे हैं। 

इससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है, इंटरलॉक का कार्य भी बीच में ही छोड़ा गया है। वहीं, इस संबंध में लोनिवि हरोली के एसडीओ राजेश पराशर का कहना है कि इंटरलॉक का जो नया स्टॉक आया था वो विभाग के मानकों पर खरा नही उतरा है। इसके चलते उस स्टॉक को वापिस करके उसके स्थान पर नये इंटरलॉक का स्टॉक मंगवाया गया है। जैसे ही स्टॉक पहुंचता है तो तेजी से कार्य को पूरा किया जाएगा।

No comments