Chamba: अनियंत्रित होकर एक सड़क से दूसरी सड़क पर जा गिरा स्कूटर, चालक की मौत

चम्बा : चम्बा सदर के चाहला-पंजोह संपर्क मार्ग पर चाहला के निकट एक स्कूटर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में स्कूटर चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। संजीव कुमार (41) पुत्र तिलक राज निवासी गांव पंजोह कोहलड़ी जिला चम्बा पैंटर का काम करता था। हर रोज की तरह रविवार को भी वह अपने काम पर गया हुआ था। दोपहर बाद काम पूरा करने के बाद अपने स्कूटर पर घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह चाहला के समीप पहुंचा तो स्कूटर अनियंत्रित होकर सड़क से गिरकर निचली सड़क पर जा गिरा।
इस हादसे में वह बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग घटना स्थल पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची व घायल स्कूटर चालक को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलैंस में मैडीकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी चम्बा डॉ. मोनिका ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मृतक के परिजनों के भी बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
No comments