Recent Posts

Breaking News

Himachal: छात्रवृत्ति घोटाले में सीबीआई ने अब कब्जे में लिया तीन बैंकों का रिकॉर्ड

सांकेतिक तस्वीर

250 करोड़ से अधिक के बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने अब अपनी जांच को दूसरे राज्यों तक बढ़ा दिया है। सीबीआई ने मामले की जांच की जद में आए बाहरी राज्यों के शैक्षणिक संस्थानों के वित्तीय लेनदेन से जुड़े बैंकों की 3 शाखाओं से रिकॉर्ड कब्जे में लिया है। इनमें दो शाखाएं चंडीगढ़ में जबकि एक हरियाणा में बताई जा रही है। 

बताया जा रहा है कि इन शाखाओं में घोटाले की अवधि के दौरान तैनात रहे प्रबंधक से लेकर अकाउंटेंट तक से पूछताछ की जा सकती है। चूंकि मामला चंडीगढ़ का है, इसलिए पूछताछ के लिए शिमला की बजाय अब चंडीगढ़ बुलाने की तैयारी है। इस पूछताछ के बाद जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां भी होने की संभावना है। दरअसल, अब तक की जांच में यह पता चला है कि निजी शिक्षण संस्थान छात्रवृत्तियां हड़पने के दौरान शिक्षा विभाग के अफसरों से लेकर बैंक अधिकारियों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच रकम बंटती थी।

एजेंसी खंगाल रही है कि किस-किस को यह कमीशन पहुंचा और कब से यह खेल चल रहा था। सूत्रों का कहना है कि कुछ संस्थानों के खिलाफ जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही अदालत में उन मामलों में पहली चार्जशीट पेश की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि सीबीआई अब तक की जांच के बाद 3 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के वाइस चेयरमैन हितेश गांधी, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के हेड कैशियर एसपी सिंह और शिक्षा विभाग के तत्कालीन अधीक्षक अरविंद राजटा शामिल हैं।

No comments