Kangra- हादसा : चलती ट्रेन से गिरा 17 वर्षीय किशोर, सिर पर आई गहरी चोट

इंदौरा: इंदौरा की रेलवे पुलिस चौकी कंदरोड़ी के तहत बुधवार को एक दुर्घटना में 17 वर्षीय किशोर बुरी तरह से घायल हो गया। दुर्घटना सुबह 11:20 बजे की बताई जा रही है, जिसमें चलती ट्रेन से एक किशोर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उक्त किशोर यूपी के गोरखपुर का रहने वाला है। रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रेन संख्या 22439 गोरखपुर-पठानकोट अपने गंतव्य पर जा रही थी। इस दौरान कंदरोड़ी रेलवे स्टेशन पर अचानक एक किशोर चलती ट्रेन से गिर गया।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस के मुख्य आरक्षी रूपेश कुमार, मानद मुख्य आरक्षी बलवंत सिंह व आरक्षी सेम सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए किशोर को निजी गाड़ी में सिविल अस्पताल इंदौरा पहुंचाया। यहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के उपरांत पठानकोट रैफर कर दिया गया। पुलिस पुन: अपनी ही गाड़ी में उसे पठानकोट के अस्पताल में ले गई व उसे वहां भर्ती करवाया। चिकित्सकों के अनुसार किशोर के सिर में गहरी चोट आई है और अभी हालत गंभीर बनी हुई है।
युवक की पहचान अभय राय पुत्र रमेश चंद राय निवासी गहना झुरिया जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। रेलवे पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। बता दें कि गत 7 दिनों में कंदरोड़ी रेलवे चौकी के तहत यह तीसरी दुर्घटना है। इससे पहले हुई दोनों दुर्घटनाओं में 2 लोग काल का ग्रास बन चुके हैं। वहीं पुलिस द्वारा किशोर को समय पर उपचार दिलाने हेतु प्रयोग की गई अपनी निजी कार के लिए भी क्षेत्र में पुलिस के कार्य की सराहना हो रही है।
No comments