Recent Posts

Breaking News

Kangra: छोटी-सी बात पर पत्नी से हो गई कहासुनी, सास-ससुर ने घर आकर दामाद का किया ये हाल

parents in law beating the son in law

इंदौरा: पुलिस थाना इंदौरा के अंतर्गत एक दंपति ने अपनी बेटी के घर आकर दामाद को ही बुरी तरह से पीट डाला, जिससे दामाद को गंभीर चोटें आई हैं। मामला पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के अधीन आते गांव धमोता का है। पुलिस ने इसमें 3 लोगों पर मुकद्दमा दर्ज किया है। उक्त व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह मुकेरियां में प्राइवेट नौकरी करता है तथा 23 फरवरी को घर आया था। उसी दिन देर शाम उसकी पत्नी से कोई छोटी-सी बात पर कहासुनी हो गई और वह अलग कमरे में सो गया।

इस दौरान उसकी पत्नी ने दूसरे कमरे में सोने के लिए जाने से पहले हाथ में एक डंडा लेकर उसकी बाजू पर प्रहार कर दिया, जिसके चलते उसके हाथ की उंगलियों में चोटें आ गईं। इतनी देर में उसकी पत्नी ने उसके ससुर को फोन कर दिया। व्यक्ति ने बताया कि उसका ससुराल उसके घर से मात्र 5 किलोमीटर दूर पंजाब के एक गांव में है। कुछ देर बाद उसके सास-ससुर घर पर आ गए। इस दौरान उसने मौके पर अपनी पंचायत के प्रधान को बुलाया और प्रधान मामले को कुछ हद तक सुलझा कर चले गए। प्रधान के घर से निकलते ही उसकी सास-ससुर व उसकी पत्नी ने उसे व उसकी माता के साथ मारपीट शुरू कर दी और इन तीनों की मारपीट से उसके माथे व शरीर के अन्य अंगों पर गभीर चोटें आई हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी पत्नी व सास-ससुर उसके घर का सारा सामान घर के आंगन में बिखेर कर भाग खड़े हुए। पुलिस थाना प्रभारी इंदौरा सुरेंद्र सिंह धीमान ने बताया कि मामला दर्ज करके पीड़ित का मैडीकल करवाया गया था और मैडीकल रिपोर्ट आने पर शिकायतकर्ता के सास-ससुर व पत्नी के विरुद्ध मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

No comments