Kangra: पपरोला के कमल कुमार ने शाह को भेंट किया पोर्ट्रेट

तिनबड़ – पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के राजारहाट में हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा गॉर्ड स्पेशल कंपोजिट ग्रुप कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया। इस दौरान हिमाचल के हॉबी आर्टिस्ट कमल कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को उनका पोर्ट्रेट बनाकर भेंट किया। श्रीशाह ने आर्टिस्ट कमल कुमार के द्वारा बनाई गई हू-ब-हू पेंटिंग की भूरी भूरी प्रशंसा की व कमल कुमार को आगामी भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। बता दें कि आर्टिस्ट कमल कुमार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के पपरोला के खड़ानाल के निवासी हैं। वह आईटीबीपी में बतौर डिप्टी कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं और पिछले कुछ समय से शौकिया तौर पर चित्रकला कर रहे हैं। कमल अपनी इस कला के प्रदर्शन से काफी सुर्खियां भी बटोर रहे हैं। उनके द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स को सोशल मीडिया पर बनाए गए पेज कमल आर्ट गैलरी पर भी देखा जा सकता है।
No comments