Recent Posts

Breaking News

Himachal: अब डिपुओं में नमक महंगा


 दालों, तेल और चीनी के बाद अब हिमाचल के डिपुओं में नमक भी महंगा मिलेगा। प्रदेश के डिपुओं में नमक की कीमत चार रुपए से बढ़ाकर आठ रुपए प्रति किलो कर दी गई है। भले ही यह नमक अब डबल फिल्टर्ड होगा, लेकिन प्रदेश के लोगों को इसके लिए दोगुने पैसे चुकाने होंगे। गौर हो कि राज्य के डिपुओं में पहले आयोडीन युक्त नमक दिया जाता था, जिसकी कीमत चार रुपए प्रति किलो थी, लेकिन अब उपभोक्ताओं को डबल फिल्टर्ड आयोडीन नमक दिया जाएगा, जिसके कारण डिपुओं में नमक की कीमत बढ़ा दी गई  है।

इस बार इसकी कीमत बढ़ने का कारण यह भी सामने आया है कि नमक में आयोडीन की मात्रा ही नहीं, बल्कि आयरन की मात्रा भी बढ़ा दी गई है, जिससे इस नमक को डबल रिफाइंड नमक का दर्जा दिया गया है। हालांकि अब निगम ने यह भी साफ किया है कि डिपुओं में दिए जाने वाले नमक से अब लोगों में खून की कमी को भी दूर किया जाएगा। जिसका असर जल्द लोगों के स्वास्थ्य को लेकर देखा जा सकेगा, लेकिन अब जब भी पौष्टिक युक्त खाद्य पदार्थ का आबंटन डिपुओं से किया जा रहा है, उन सभी खाद्य पदार्थों की कीमत बढ़ा दी गई है।

जानकारी के मुताबिक इससे पहले रिफाइंड तेल की कीमत बढ़ाई गई थी। पहले जहां यह 72 रुपए प्रति लीटर मिल रहा था, लेकिन अब 90 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। इसमें लगभग 12 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो गई है। वहीं मस्टर्ड ऑयल की कीमत पर गौर करें तो पहले इसकी कीमत 75 रुपए प्रति लीटर थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को यह तेल 82 रुपए में मिल रहा है। गौर हो कि खाद्य आपूर्ति निगम द्वारा प्रदेश के डिपुओं में फोर्टिफाइड की श्रेणी को लेकर तीन खाद्य पदार्थो के टेंडर किए गए हैं, जिसमें अभी डिपुओं में आटा मिलना शुरू हो गया है, लेकिन तेल भी डिपुओं में महंगा कर दिया गया। इसके अलावा अब प्रदेश के डिपुओं में नमक भी महंगा हो गया है।

पौष्टिकता ठीक, पर बिगड़ गया बजट

प्रदेश में उपभोक्ताओं  को पौष्टिकता युक्त राशन देने के लिए प्रदेश सरकार ने काफी गंभीरता दिखाई है, लेकिन ऐसे में अब उपभोक्ताओं को पौष्टिकता के नाम पर महंगा राशन मिलना काफी परेशानी का सबब बनने लगा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि फोर्टिफाइड राशन के कारण उनके घर का बजट काफी बिगड़ गया है।

दस हजार टन का सप्लाई ऑर्डर जारी

खाद्य आपूर्ति निगम के तहत नए नमक की सप्लाई का ऑर्डर भी जारी क र दिया गया है। इसमें निगम के तहत दस हजार टन सप्लाई ऑर्डर डिपुओं के लिए जारी कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 15 दिनों के  भीतर आपको डिपुओं में नमक मिल जाएगा। जिसकी कीमत अब आठ रुपए होगी।

No comments