Una: होला मोहल्ला आज से… मैड़ी में महारौनक

अंब-बाबा बड़भाग सिंह धार्मिक स्थल मैड़ी में प्रति वर्ष शुरू होने वाले उत्तर भारत के प्रसिद्ध दस दिवसीय होली मेला का आगाज मंगलवार से होगा। जिला प्रशासन व ब्लॉक समिति अंब द्वारा इस संदर्भ में पूरी तैयारियां शुरू कर दी गई है। सेक्टरों में विभाजित धार्मिक स्थल मैड़ी में कानून व्यवस्था को बनाए रखने में सेक्टर पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में चप्पे-चप्पे पर पुलिस व होमगार्ड जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है।
मेले के दौरान देश के कोने कोने से लाखों की संख्या में पधारने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता प्रबंध कर लिए गए है। डेरा बाबा बड़भाग सिंह के संस्थापक कंवर चरणजीत सिंह सोढी ने बताया की श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 घंटे लंगर व रात के ठहराव के लिए निःशुल्क व्यवस्था की गई है। सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन दर्जन सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए बिजली, पानी का भी पूरा इंतजाम किया गया है।
मेला सब प्रशासनिक अधिकारी एवं एसडीएम अंब एस तारुल रवीश व मेला सब पुलिस अधिकारी डीएसपी मनोज जम्वाल ने बताया कि नैहरियां से मैड़ी तक पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सड़क किनारे अलग से फुटपाथ बनाया गया है। नैहरियां के आगे श्रद्धालुओं को पहुचाने के लिए कुछ अधिकृत टैक्सियां लगाई गई है। जोकि श्रद्धालुओं को ले जाने व वापस छोड़ने का काम करेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 100 के करीब अस्थाई शौचालय व तंबू लगाए गए है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के पुलिस बल असामाजिक तत्त्वों पर अपनी पूरी निगरानी रखेंगे।
ट्रैफिक प्लान…
मेले के दौरान ऊना की तरफ से आने वाले वाहनों को अंब से पांच किलोमीटर पीछे बाया नंदपुर, चकसराय के रास्ते कलोआ को भेजा जाएगा। इसी प्रकार भरवाईं से भी वाहनों को कलोआ के रास्ते भेजा जाएगा।
No comments