Hamirpur: एचपीटीयू में छात्रों ने किया धरना-प्रदर्शन

हमीरपुर-बाल स्कूल में चल रहे हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के अस्थायी कैंपस में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों ने सोमवार को तकनीकी विश्वविद्यालय का घेराव किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई हमीरपुर ने रजिस्ट्रार आफिस में धरना प्रदर्शन किया। इसके साथ ही अव्यवस्थाओं को न सुधारने पर विश्वविद्यालय प्रबंधन को अस्थायी कैंपस में ताला जड़ने की भी चेतावनी दे डाली। छात्रों का कहना था कि अस्थायी कैंपस में बैठने के लिए न तो कुर्सियां हैं और न ही ब्लैक बोर्ड।
वर्तमान में बाल स्कूल में महज चार ही कमरे अस्थायी तौर पर इन छात्रों को पढ़ाई के लिए दिए गए हैं। जहां पर अव्यवस्थाएं पूरी तरह हावी हैं। छात्रों की संख्या इतनी है कि इन चार कमरों में पढ़ाई मुश्किल है। बता दें कि इससे पूर्व भी विश्वविद्यालय कैंपस के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कक्षाओं को नए कैंपस में शिफ्ट करने की मांग की थी। इसके लिए भी उस दौरान परिषद परिषद ने विश्वविद्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया था। अब जबकि बाल स्कूल हमीरपुर में बच्चों की परीक्षाएं सिर पर हैं, तो अस्थायी कैंपस में कक्षाएं लगाने से यहां पढ़ रहे स्कूली बच्चों की परीक्षाएं भी प्रभावित होंगी।
इकाई अध्यक्ष सूर्य जरियाल का कहना है कि बाल स्कूल में अस्थायी तौर पर चल रहे कैंपस में अव्यवस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि यह कैसा विश्वविद्यालय है जहां पर छात्रों को मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है। अगर विश्वविद्यालय प्रबंधन छात्रों की इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं करेगा तो यह प्रदर्शन और उग्र होगा। उधर, इस बारे में एचपीटीयू के डीन अकेडमिक और पब्लिक रिलेशन आफिसर कुलभूषण चंदेल ने संपर्क करने पर बताया कि मंगलवार से कक्षाएं नए कैंपस में शिफ्ट की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अभी एक साथ कक्षाएं शिफ्ट कर पाना तो मुश्किल है, लेकिन जैसे-जैसे फर्नीचर सहित अन्य सामान आता जाएगा धीरे-धीरे सभी कक्षाएं नए कैंपस में शिफ्ट कर दी जाएंगी।
No comments