Recent Posts

Breaking News

Hamirpur: कांगड़ा के पप्पी ने जीता कालीचीक दंगल


बड़सर –ग्राम पंचायत महारल के कालीचीक में रविवार को महादंगल का आयोजन किया गया। दंगल में प्रदेश के विभिन्न कुश्ती अखाड़े के महिला व युवा पुरुष पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल सुबह 11 बजे शुरू हुआ, जबकि रात नौ बजे तक चला। दंगल में मुख्यातिथि के रूप में क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व प्रधान कृष्ण चौधरी ने शिरकत की। दंगल शिवा दंगल कमेटी के सदस्यों ने मुख्यातिथि व अन्य उपस्थित क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों को सम्मानित किया। दंगल में तीन मालियों का आयोजन किया गया, जिसमें अंडर-20 की माली रवि कुमार बड़ाग्राम ने जवाली अखाड़े के पहलवान आदित्य को पटकनी देते हुए खिताब अपने नाम किया। 

इसके साथ ही बड़ी माली का मुकाबला पप्पी कांगड़ा व मुकेश मंडी के बीच हुआ। यह मुकाबला करीब एक घंटे तक चला, जिसमें पप्पी कांगड़ा ने विजय प्राप्त कर 25000 रुपए का इनाम अपने नाम किया। इसके अलावा दूसरी माली बराबरी पर रही, जिन्हें 6000 हजार रुपये की राशि वितरित की गई। शिवा यूथ क्लब द्वारा आयोजित हिमाचली पहलवानों के इस दंगल में पहली बार हिमाचल के विभिन्न जिलों की महिला पहलवानों ने भी भाग लिया। महिलाओं के मुकाबले वजन के हिसाब से करवाए गए 60 किलोग्राम का मुकाबला तनु मंडी व प्रीति चंदपुर के बीच हुआ, जिसमें तनु मंडी विजयी रही। 55 किलोग्राम भार में आरती मंडी व सोनिका चंदपुर के बीच हुआ। 

इसमें सोनिका ने आरती को पटकनी दी। वहीं 48 किलोग्राम वर्ग का रोचक मुकाबला स्नेहा चंदपुर और रितिका महारल (बडसर) के बीच हुआ। इस रोचक मुकाबले में रितिका महारल ने कड़े संघर्ष के बाद स्नेहा को पटखनी दी। इसके अलावा 15-15 हजार रुपए की पांच पुरुषों की सीधी कुश्तियां करवाई गईं। मुख्यातिथि पूर्व प्रधान कृष्ण चौधरी ने दंगल के लिए अपनी तरफ से 21000 रुपए की राशि दंगल कमेटी को दी। सभी अखाड़ों से आए हुए कोचों को प्रधान दंगल कमेटी हंसराज उर्फ राजू भाई ने सम्मानित किया।

No comments