Shimla- कोरोना वायरस : अब नेपाल से आने वाले लोगों को भी रखा जाएगा 14 दिन ऑब्जर्वेशन पर

शिमला : कोरोना वायरस से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग बिल्कुल तैयार है। विभाग ने अब यह तय कर लिया है कि जो नेपाल से लोग हिमाचल आ रहे हैं, उन्हें पहले 14 दिन ऑब्जर्वेशन पर रखा जाएगा। बॉर्डर पर नेपाल से आने वाले हर लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। हालांकि अभी तक हिमाचल में कोरोना वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग ने 14 दिन ऑब्जर्वेशन की अवधि इसलिए पूरा करने को कहा है, ताकि इस वायरस की चपेट में आना वाला मरीज कोई भी हिमाचल में न पहुंचे। पहले चीन से आने वाले लोगों को लेकर विभाग सतर्क हुआ था, अब नेपाल में फैले कोरोना वायरस के चलते विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।
कोरोना प्रभावित देशों से 213 लोग हिमाचल आए हैं
विभाग ने यह भी निर्देश जारी किए हंै कि अगर चीन व नेपाल से आने वाले लोगों को होटल मालिक या फिर कोई अन्य लोग हिमाचल में कहीं पर भी ठहराता है, तो इसकी सूचना पुलिस या फिर स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी। अभी तक कोरोना प्रभावित देशों से 213 लोग हिमाचल आए हैं, जिनमें से 176 लोगों ने ऑब्जर्वेशन के 28 दिन पूरे कर लिए हैं, वहीं 19 लोगों को होम आईसोलेशन में रखा गया हैं। इन्हें कहीं पर भी जाने की अनुमति नहीं दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन लोगों से फोन पर स्वास्थ्य अपडेट ले रही हैं। इसी के साथ इनके परिजनों को भी इस दौरान एहतियात बरतने को कहा जा रहा है।
संदेहयुक्त मरीज आता है तो उसके टैस्ट करवाए जाएंगे
इसके अलावा 18 लोग ऐसे हंै जोकि हिमाचल आए थे और वापस चले गए हैं। डाक्टर द्वारा लोगों के लिए सलाह दी जा रही है कि यदि बुखार, खांसी, जुकाम की शिकायत है तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में स्वास्थ्य जांच करवाएं। विभाग का दावा है कि अगर संदेहयुक्त मरीज आता है तो उसके टैस्ट करवाए जाएंगे। स्टेट नोडल अधिकारी स्वास्थ्य विभाग डा. सोनम नेगी का कहना है कि नेपाल से आने वाले लोगों को भी 14 दिन ऑब्जर्वेशन पर रखा जाएगा। कोरोना से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग बिल्कुल तैयार है। अंडे और मांस के सेवन तथा जंगली जानवरों के संपर्क में आने से बचें।
No comments