Himachal: हिमाचल में 1 दिन में आए कोरोना के 7 नए मामले, 10 पहुंची मरीजों की संख्या

शिमला: कोरोना वायरस को लेकर हिमाचल में शनिवार को बुरी खबर आई। बद्दी और नालागढ़ के सात लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने इसकी पुष्टि की है।
अमर उजाला की खबर के अनुसार रिपोर्ट में सात पॉजिटिव लोगों में तीन जमाती हैं, जो दिल्ली से वापस आए थे। इसके अलावा चार लोग वे हैं जो एक हेलमेट कंपनी के निदेशक की पत्नी के संपर्क में आए बताए जा रहे हैं। महिला की पीजीआई में इलाज के दौरान कोरोना से मौत हो गई थी। तीन पॉजिटिव मरीजों को आईजीएमसी शिमला लाया जा रहा है, जबकि महिला के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए चार मरीजों को दूसरे राज्य में शिफ्ट कर दिया गया है।
वहीं, सरकार के निर्देश पर इसके बाद इस क्षेत्र में सैंपल लेने का व्यापक अभियान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चलाया। 40 से ज्यादा लोगों के सैंपल लेकर उन्हें क्वारंटीन किया गया। आईजीएमसी में 54, जबकि टांडा में 33 संदिग्धों के एक दिन में सैंपल लिए गए। साथ ही इन पांचों के सबसे नजदीकी संपर्क में रहने वाले अन्य जमातियों को चिह्नित कर उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अब हिमाचल में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 10 हो गई है, जबकि टांडा में पॉजिटिव से निगेटिव महिला की अंतिम रिपोर्ट आना बाकी है। धीमान ने बताया कि टांडा में भेजे गए 33 सैंपलों को तकनीकी दिक्कत के चलते दोबारा लिया जाएगा।
No comments