हरियाणा के 'बंटी-बबली' गैंग का रायबरेली में 'द एंड', गैंगस्टर एक्ट में दो सगे भाई और उनकी पत्नियां गिरफ्तार
Raebareli News: रायबरेली पुलिस के 'ऑपरेशन क्लीन' के खौफ से अपराधी थर-थर कांप रहे हैं. लेकिन हरियाणा के शातिर बावरिया गिरोह ने रायबरेली को अपना ठिकाना बनाने की गुस्ताखी कर डाली. कोतवाली नगर पुलिस ने आज फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर इस अंतरराज्यीय गिरोह के दो सगे भाइयों और उनकी पत्नियों को गिरफ्तार कर लिया है. ये चारों 'बंटी-बबली' स्टाइल में वारदातों को अंजाम देते थे और गैंगस्टर एक्ट में लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे थे.
डबल फाटक पर बिछाया जाल, चारों धरे गए
एसपी रवि कुमार के सख्त निर्देश पर जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया गया था.पुलिस टीम को सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे चार शातिर अपराधी शहर के डबल फाटक के पास किसी बड़ी साजिश की फिराक में हैं. पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर दबिश दी और चारों को दबोच लिया. पकड़े गए आरोपियों में जितेंद्र बावरिया, उसकी पत्नी मंजू, नीरज बावरिया और उसकी पत्नी कृष्णा शामिल हैं.
पति-पत्नी की जोड़ी और अपराध का 'कॉम्बिनेशन'
पुलिस की पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. यह गिरोह केवल पुरुषों का नहीं, बल्कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी वाला है. हरियाणा के रेवाड़ी और फरीदाबाद के रहने वाले ये आरोपी रायबरेली में चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देते थे. इन पर पहले से ही कोतवाली नगर में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तहत गंभीर मुकदमे दर्ज हैं.
अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, उनके लिए एक ही ठिकाना है जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने साफ कर दिया है कि जिले में कानून का राज कायम रहेगा. उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति हमारी नीति 'जीरो टॉलरेंस' की है. हरियाणा का यह गिरोह गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था. पुलिस की सक्रियता से आज इन चारों को दबोच लिया गया है. जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा उनके लिए जिले में सिर्फ एक ही ठिकाना है और वो है जेल. आगे भी ऐसे गैंग्स पर कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी.
No comments