मां से अवैध संबंध के शक में भांजे ने मामा को चाकुओं से गोदा, दिल्ली के निहाल विहार में सनसनी

नई दिल्ली : देश की राजधानी में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक 18 वर्षीय युवक ने अपने सगे मामा की सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्या की वजह और भी चौंकाने वाली है आरोपी को शक था कि उसके मामा के उसकी मां के साथ अवैध संबंध हैं। इस ‘खूनी शक’ ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया और 22 साल के युवक की जान ले ली।
रास्ते में रोककर किया ताबड़तोड़ हमला
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अमन कुमार 22 के रूप में हुई है, जो दक्षिण दिल्ली के मदनगीर का रहने वाला था। पेशे से कारपेंटर अमन शनिवार को अपनी बहन से मिलने निहाल विहार आया था। दोपहर के वक्त जब वह अपनी बहन को साथ लेकर पश्चिम विहार जाने के लिए घर से निकला, तभी घात लगाकर बैठे उसके भांजे रोहित 18 ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि अमन कुछ समझ पाता, रोहित ने चाकू निकालकर उस पर अंधाधुंध वार करने शुरू कर दिए।
बहन के सामने भाई को उतारा मौत के घाट
चश्मदीदों के मुताबिक, हमला इतना अचानक और हिंसक था कि अमन को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उसकी बहन के शोर मचाने और लोगों के इकट्ठा होने से पहले ही रोहित वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। लहुलुहान हालत में अमन को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह ‘अवैध संबंधों का शक’ सामने आई है।
शक की आग में जला परिवार
जांच में पता चला कि आरोपी रोहित, अमन की ममेरी बहन का बेटा था। पिछले काफी समय से रोहित के मन में यह बात घर कर गई थी कि उसके मामा अमन और उसकी मां के बीच कुछ गलत चल रहा है। इसी रंजिश और गुस्से की आग में जल रहे रोहित ने शनिवार को मौका मिलते ही अपने मामा को मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं।
आरोपी फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
वारदात के बाद से ही आरोपी रोहित पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने उसकी तलाश में कई टीमें गठित की हैं और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस पूरी साजिश और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में और अधिक जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
No comments