Recent Posts

Breaking News

‘तू है सिर्फ मेरी महक…’ शादी से 10 दिन पहले ‘प्रेमी’ की एंट्री! दूल्हे को दी धमकी कहा – “ये मेरी है, शादी की तो खैर नहीं”, अब थाने पहुँचा मामला

जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शादी की खुशियों को विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा दिया है। मामला रांझी थाना क्षेत्र के इंदिरानगर का है, जहां अजीत यादव की शादी बरेला निवासी महक यादव से तय हुई थी। परिवार ने पूरी तैयारी के साथ 20 अप्रैल 2026 की शादी की तारीख तय की थी और तिलक की रस्म 2 नवंबर 2025 को संपन्न हुई थी। शादी की तैयारियों में परिवार ने करीब डेढ़ से दो लाख रुपये भी खर्च कर दिए थे।

लेकिन शादी से कुछ दिन पहले ही 10 अप्रैल की रात को अजीत के मोबाइल पर आए एक अनजान कॉल ने पूरे मामले को पलट दिया। कॉल करने वाले ने खुद को सचिन विश्वकर्मा बताया और दावा किया कि महक यादव उससे प्यार करती है और उनके बीच लंबे समय से संबंध हैं। आरोपी ने यह भी कहा कि उनके बीच शारीरिक संबंध रहे हैं और एक बार गर्भपात तक की स्थिति बन चुकी है। इसके साथ ही उसने कुछ तस्वीरें और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजीं और अजीत को धमकी दी कि अगर उसने महक से शादी की तो उसकी जान को खतरा होगा।

इस खुलासे के बाद अजीत ने यह बात अपने परिवार और लड़की के घरवालों को बताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। पंचायत में जब महक से सवाल किए गए तो उसने सचिन को अपना दोस्त बताया और कहा कि वह शादी के बाद भी उससे संपर्क में रहेगी। इस बयान के बाद अजीत के परिवार ने शादी से इनकार कर दिया।

इसके बाद मामला और बढ़ गया, जब लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि लड़के वालों ने दहेज की मांग की और मानसिक प्रताड़ना दी। उन्होंने रांझी थाने में अजीत और उसके परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी।

वहीं, अजीत यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उसका कहना है कि उसके पास सभी सबूत मौजूद हैं और उसे लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही आरोप है कि उससे पांच लाख रुपये की मांग भी की जा रही है और उसे झूठे केस में फंसाने की कोशिश हो रही है।

फिलहाल एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिस नंबर से कॉल आया है उसकी भी तकनीकी जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments