Recent Posts

Breaking News

साहब! ‘मेरी शादी रुकवा रहे हैं दबंग’ प्रशासन बोला…’बेटा तुम्हारी शादी का तो पता नहीं, पर तुम्हारा अवैध कमरा आज नहीं बचेगा’

इंदौर : मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में कलेक्टर जनसुनवाई के दौरान उस समय अधिकारी और आम लोग हैरान रह गए, जब एक दूल्हा गले में फूलों की माला और शरीर पर हल्दी लगाए सीधे अपनी शिकायत लेकर पहुंच गया।

ग्राम अम्बामोलिया निवासी उमेश गंगोलिया अपनी शादी की रस्मों के बीच कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और कलेक्टर शिवम वर्मा के सामने अपनी समस्या रखते हुए कहा कि उसके घर के सामने दबंगों ने नाले और रास्ते पर अतिक्रमण कर रखा है। दूल्हे ने आरोप लगाया कि गंदगी और अवरोध के कारण उसकी शादी की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं और उसे धमकियां भी दी जा रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तुरंत एसडीएम प्रियंका चौरसिया को मौके पर भेजकर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।

हालांकि, जब प्रशासनिक टीम गांव पहुंची और जांच शुरू हुई तो पूरी कहानी ही बदल गई। जांच में सामने आया कि जिस नाले और रास्ते पर अतिक्रमण का आरोप लगाया जा रहा था, उसी पर करीब 3×30 फीट का अवैध कब्जा स्वयं शिकायतकर्ता दूल्हे उमेश गंगोलिया द्वारा किया गया था। इसके अलावा पैमाइश में गांव के 12 अन्य लोगों के भी अवैध निर्माण पाए गए।

यह नाला गांव और खेतों की जल निकासी का मुख्य मार्ग था, जो अतिक्रमण के कारण बाधित हो गया था। स्थिति स्पष्ट होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सबसे पहले दूल्हे का अतिक्रमण हटाया और फिर अन्य 12 लोगों के अवैध निर्माणों पर भी बुलडोजर चला दिया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां अतिक्रमण हट गया, वहीं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लोगों ने जल निकासी समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री का आभार जताया।

No comments