Recent Posts

Breaking News

जमीनी विवाद में सिपाही भतीजे ने चाचा की गोली मारकर हत्या, थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

Bijnor : दीदा नगला गांव में गुरुवार को जमीनी विवाद के चलते एक भतीजे ने अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी मेरठ आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर तैनात है। घटना के बाद आरोपी ने स्वयं थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 50 वर्षीय इशहाक पुत्र मांगलुद्दीन के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके सगे भतीजे शाने राजा ने उसे गोली मारी। शाने राजा मेरठ आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर कार्यरत है। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक इशहाक के चार भाई थे, जिनमें से दो का निधन हो चुका है। परिवार में भाइयों और भतीजों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह खेत पर ट्यूबवेल लगवाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो शाम करीब 4 बजे मारपीट में बदल गई। इसी दौरान शाने राजा ने अपने चाचा इशहाक पर गोली चला दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक, सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल राम प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने बताया कि दीदा नगला गांव में इशहाक नामक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना को अंजाम देने वाले शाने राजा ने खुद थाने आकर आत्मसमर्पण कर दिया है। पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

No comments