घंटे के अंदर 2 शहरों में बलात्कार किया… राहुल ने अलवर में ‘लूडो दोस्त’ की बीवी के साथ रेप किया, फिर दिल्ली जाकर IRS की बेटी के साथ दरिंदगी

- राजस्थान और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी राहुल मीणा गिरफ्तार, कई टीमें जांच में जुटीं
Delhi Murder : अलवर और दिल्ली में महज कुछ घंटों के भीतर सामने आई दो गंभीर वारदातों ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इन दोनों मामलों में एक ही आरोपी राहुल मीणा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पहला मामला राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी पर अपने ही दोस्त की पत्नी के साथ दुष्कर्म का आरोप है। पीड़िता के पति द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार रात वह आरोपी के साथ एक शादी समारोह में गया था। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए पीड़िता के घर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया।
पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने पति को फोन पर दी, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। अलवर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात टीमें गठित कीं और आरोपी की तलाश शुरू की।
इसी बीच दूसरा मामला दिल्ली के साउथ-ईस्ट इलाके के अमर कॉलोनी से सामने आया, जहां 22 वर्षीय युवती, जो एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी थी, का शव उसके घर से बरामद हुआ। घटना के समय उसके माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी घर में काम करने वाले व्यक्ति के रूप में पहुंचा था और उसने मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी। इस मामले में दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि दोनों मामलों में मुख्य आरोपी राहुल मीणा ही है, जो राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस ने पहचान के बाद उसकी तलाश शुरू की और राजस्थान पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया।
अलवर एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। राजस्थान और दिल्ली पुलिस मिलकर आरोपी से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और दोनों मामलों के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इन घटनाओं को किस योजना के तहत अंजाम दिया।
पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या आरोपी किसी संगठित योजना या मनोवैज्ञानिक प्रभाव में काम कर रहा था।
फिलहाल दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आगे की विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
No comments