6 साल की मासूम को रोता छोड़ मां गायब, अलमारी से 20 लाख के जेवर साफ; WhatsApp ने बढ़ाया सस्पेंस

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों और भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सदर थाना क्षेत्र की गोबरसही श्रीनगर कॉलोनी में एक महिला अपनी 6 साल की नन्हीं बेटी को घर में अकेला बिलखता छोड़ रहस्यमयी ढंग से लापता हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि घर की अलमारी से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात भी गायब हैं। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस अब तकनीकी उलझनों के जरिए महिला की तलाश में जुटी है।
साली और एक युवक पर ‘साजिश’ का शक
पीड़ित पति, जो मूल रूप से मोतीपुर का रहने वाला है, ने सदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पति के अनुसार, उसकी शादी साल 2019 में मीनापुर की एक युवती से हुई थी। अपनी एफआईआर (FIR) में उसने अपनी साली, उसकी एक सहेली और अंकुर बोहरा नामक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति को अंदेशा है कि उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर किसी गलत नीयत से गायब किया गया है।
मोबाइल स्विच ऑफ, लेकिन व्हाट्सएप ‘Online’!
इस हाई-प्रोफाइल गुमशुदगी मामले में सबसे बड़ा सस्पेंस ‘व्हाट्सएप’ को लेकर बना हुआ है। महिला का मोबाइल नंबर लगातार स्विच ऑफ मिल रहा है, लेकिन उसका व्हाट्सएप अकाउंट अभी भी एक्टिव (सक्रिय) दिखाई दे रहा है। यह तकनीकी पहेली पुलिस के लिए जांच का मुख्य केंद्र बन गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अगर फोन बंद है, तो व्हाट्सएप कौन और किस डिवाइस (लैपटॉप या अन्य फोन) से ऑपरेट कर रहा है।
अलमारी देख पति के उड़े होश, बच्ची का बुरा हाल
पति ने बताया कि 26 मार्च की रात जब उसने पत्नी को घर में नहीं पाया, तो पहले उसे लगा कि वह आसपास ही होगी। लेकिन जब अलमारी खोली गई, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। करीब 20 लाख के गहने गायब थे। घर में मौजूद 6 साल की बेटी अपनी मां को याद कर लगातार रो रही है, जिसे संभालना पिता के लिए मुश्किल हो रहा है।
पुलिस की कार्रवाई: सर्विलांस पर टिकी उम्मीदें
सदर थानाध्यक्ष अश्मित कुमार के मुताबिक, मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस मोबाइल सर्विलांस और टावर लोकेशन के जरिए महिला की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, जिन लोगों पर पति ने शक जताया है, उनसे भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा है या किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा है।
No comments