Recent Posts

Breaking News

‘आओ, मेरे पास शक्तियां हैं, विरोध नहीं कर पाओगी’, नासिक में एक और ढोंगी बाबा का ‘गंदा खेल’, पूजा के बहाने बुलाकर लॉज में किया दुष्कर्म

  • पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप, पूजा के बहाने बुलाकर लॉज में किया दुष्कर्म; धमकी और सबूत मिटाने का भी आरोप
  • नासिक में स्वयंभू बाबा पर दुष्कर्म का आरोप, ‘दिव्य शक्ति’ के नाम पर महिला से शोषण का मामला

महाराष्ट्र के नासिक में एक स्वयंभू बाबा पर 28 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म और मानसिक शोषण का गंभीर आरोप सामने आया है। आरोपी की पहचान महेशगिरी बाबा उर्फ महेश दिलीप काकड़े के रूप में हुई है। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

शिकायत के अनुसार, पीड़िता मानसिक तनाव से राहत पाने के लिए परिवार के साथ आरोपी के पास गई थी। आरोपी ने खुद को “दिव्य शक्तियों वाला बाबा” बताकर परिवार का विश्वास जीता और दावा किया कि वह महिला का इलाज कर सकता है।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे हर गुरुवार पूजा में आने के लिए कहा और धीरे-धीरे अश्लील संदेश भेजना शुरू कर दिया। अगस्त 2024 में उसने महिला को एक सुनसान जगह पर बुलाया और बाद में एक लॉज में ले जाकर कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

“दिव्य शक्ति” के नाम पर धमकी का आरोप

पीड़िता ने बताया कि जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने रुद्राक्ष दिखाकर डराया और कहा- “मेरे पास दिव्य शक्तियां हैं, तुम विरोध नहीं कर पाओगी।” इसके बाद उसने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें भी लीं।

महिला के अनुसार घटना के बाद आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया और खुद को “गुंडा” बताते हुए पुलिस में शिकायत न करने की चेतावनी दी। आरोप है कि उसने महिला का मोबाइल फोन भी छीन लिया और कई चैट व सबूत मिटा दिए।

डर के कारण पीड़िता कुछ समय तक चुप रही, लेकिन बाद में उसने अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति से संपर्क किया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, सभी डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

नासिक में इससे पहले भी इसी तरह के स्वयंभू बाबाओं पर गंभीर आरोप लग चुके हैं। मार्च में एक अन्य कथित बाबा को भी महिला से यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

इसके अलावा महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में अंधविश्वास और ढोंग के नाम पर शोषण के कई मामले सामने आते रहे हैं, जिनमें पुलिस ने कड़े कानूनों के तहत कार्रवाई की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के अन्य संभावित पीड़ितों की भी तलाश की जा रही है।

No comments