Recent Posts

Breaking News

डॉक्टर बना हैवान! पीएचसी में तैनात चिकित्सा अधिकारी पर नाबालिग लड़कियों से बदसलूकी का आरोप, आरोपी फरार.

 

बादली(बहादुरगढ़)  : बादली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में तीन नाबालिग लड़कियों से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी एक सरकारी पीएचसी में डॉक्टर के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है।

घटना 18 अप्रैल की बताई जा रही है, जब तीनों नाबालिग लड़कियां शाम के समय अपने गांव के पास सड़क की ओर घूमने गई थीं। इसी दौरान एक कार में आए युवक ने उनके साथ अश्लील हरकतें कीं और बाद में मौके पर एक पर्ची फेंक दी। किसी तरह लड़कियां वहां से भागकर घर पहुंचीं और पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।

सूचना मिलने पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें पड़ी हुई पर्ची मिली, जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा था। इसी नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और मामले में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस आयुक्त से भी मुलाकात कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पक्ष की ओर से मामले को दबाने और सामाजिक समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।

वहीं, पुलिस जांच अधिकारी शीतल ने बताया कि पीड़ित लड़कियों की काउंसलिंग कराई गई है और उनके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। पर्ची पर मिले मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान हो चुकी है, जो नजदीकी गांव का रहने वाला है और पीएचसी में डॉक्टर के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

No comments