प्रेमी ने अपनी ‘लैला’ की शादी रुकवाने के लिए दूल्हे को ही उठा लिया! जंगल में बंदूक की नोंक पर कहा- “शादी की तो गोली मार दूंगा”

राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ में शादी से ठीक पहले दूल्हे के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि शादी की तैयारियां पूरी थीं और अगले दिन बारात जानी थी, लेकिन उससे एक दिन पहले ही हथियारबंद बदमाशों ने दूल्हे को अगवा कर लिया।
घटना उस समय हुई जब युवक गुरुवार रात अपने दोस्तों के साथ कार से घर लौट रहा था। घर से करीब 100 मीटर पहले रेलवे फाटक पार करते ही 5 से 6 बदमाशों ने उसकी गाड़ी रोक ली और उसे जबरन अगवा कर लिया। इसके बाद बदमाश उसे झाडाला गांव के जंगल में ले गए और शादी तोड़ने का दबाव बनाया।
आरोप है कि बदमाशों ने दूल्हे को धमकी दी कि अगर वह शादी करेगा तो उसे गोली मार दी जाएगी। डर के कारण युवक ने शादी न करने की बात कही, जिसके बाद बदमाश उसे धोलागढ़ माता मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने कहा कि “ये तो ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है”, जिससे परिवार में दहशत फैल गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने गोविंदगढ़-जालुकी स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आशंका है कि युवती के प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शादी रुकवाने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, युवक के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
No comments