डॉक्टर साहब! ‘आपकी सेवा का कर्ज नहीं उतार सकता’… घबराए पिता के घर आई लक्ष्मी, तो ग्रीटिंग कार्ड लेकर पहुंच गए गायनी वार्ड; एम्स में मना जश्न

भोपाल के एम्स (AIIMS) अस्पताल से एक ऐसी दिल छू लेने वाली कहानी सामने आई है, जो डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ के प्रति सम्मान की एक मिसाल बन गई है। आमतौर पर अस्पतालों से विवाद या शिकायतों की खबरें देखने को मिलती हैं, लेकिन इस बार एक पिता ने अपनी नवजात बेटी के जन्म पर डॉक्टरों को ऐसा खास तोहफा दिया कि पूरा स्टाफ भावुक हो गया।
7 अप्रैल का दिन प्रियंका और हेमंत सेन परिवार के लिए बेहद अहम था। प्रियंका को स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के चलते तुरंत डिलीवरी की सलाह दी गई थी, जिससे पूरा परिवार काफी चिंतित था। हेमंत बताते हैं कि उस समय वह बहुत घबराए हुए थे, लेकिन एम्स के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की तत्परता और संवेदनशीलता ने उनका भरोसा जीत लिया।
इसी बीच उनकी बेटी ‘यातिका’ का जन्म हुआ, जिसके बाद परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अपनी खुशी और आभार व्यक्त करने के लिए हेमंत ने एक अनोखा कदम उठाया। उन्होंने खुद एक सुंदर ग्रीटिंग कार्ड और धन्यवाद पत्र तैयार किया, जिसमें अपनी बेटी की तस्वीर और जन्म से जुड़ी जानकारी भी शामिल थी। यह कार्ड उन्होंने गायनोकोलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. श्वेता पटेल, डॉ. विजेंदर सिंह और पूरी नर्सिंग टीम को भेंट किया।
हेमंत ने अपने पत्र में डॉक्टरों की मेहनत और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की और कहा कि उन्होंने जिस तरह से उनकी पत्नी का इलाज किया, वह उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में अक्सर बेटियों को लेकर अलग सोच होती है, लेकिन उनके लिए बेटी और बेटा दोनों समान हैं।
उन्होंने गर्व के साथ कहा कि अब उनकी इच्छा है कि उनकी बेटी यातिका भी बड़ी होकर डॉक्टर बने और समाज की सेवा करे। यह भावुक पहल अस्पताल में सभी के लिए प्रेरणा बन गई और डॉक्टरों ने भी इस सम्मान को एक यादगार पल बताया।
No comments