‘मुझे पास करा दो वरना…’ सफीदों में छात्रा ने रची लेक्चरर के किडनैपिंग की साजिश, वीडियो बनाकर मांगे पैसे; जींद पुलिस ने दर्ज किया केस.

जींद : राजकीय कालेज सफीदों के लेक्चरर का अपहरण कर बंधक बना मारपीट करने पर शहर थाना सफीदों पुलिस ने लेक्चरर की शिकायत पर एक छात्रा सहित दो को नामजद कर तथा दो अन्य के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जींद की एक सोसायटी में रह रहे संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह राजकीय कालेज सफीदों में लेक्चरर के पद पर डयूटीरत है। कालेज में एमएससी की एक छात्रा है। कुछ समय पहले उसने छात्रा को किसी छात्र के साथ कई बार कमरे में संदिग्ध हालात में देख लिया था। लड़का कालेज का छात्र नहीं था। बाद में पता चला कि युवक गांव बहादुरगढ़ निवासी अजय है। छात्रा ने संदीप से कहा कि मुझे पास करवा देना और अच्छे नंबर लगवा देना। बाद में उस छात्रा ने उसके साथ गाड़ी में कई बार बैठने की कोशिश की लेकिन उसने गाड़ी में बैठाने से मना कर दिया। लेक्चचरर संदीप ने पुलिस को बताया कि वह गाड़ी लेकर कालेज से निकल रहा था। तभी उसी छात्रा ने बस अड्डे तक छोडऩे की बात कही।
वह छात्रा के साथ रोड से निकल रहा था। उसी दौरान बाइक सवार अजय तथा उसके दो साथियों ने उसकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। जिसमें दो युवक जबरन गाड़ी में घुस आए और उसे काबू कर लिया व इशारे पर चलने की चेतावनी दी। लेक्चचरर ने बताया कि आरोपित उसे बुटाना ब्रांच नहर पुल पर ले गए। जहां पर आरोपित ने धमकी देकर उसकी वीडियो बनाई और कहलवाया कि वह छात्रा को लेकर आया है। जिसके बाद आरोपितों ने उसके हाथ व पांव बांध दिए और गाड़ी में पीछे डाल लिया। जबकि आरोपितों ने छात्रा को कालेज भेज दिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट की और 20 हजार रुपये ऐंठ लिए।
मंगलवार को जानकारी देेते हुए शहर थाना सफीदों के जांच अधिकारी दीपक ने बताया कि पुलिस ने संदीप की शिकायत पर छात्रा प्रियंका व अजय को नामजद कर दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
No comments