Recent Posts

Breaking News

दिल्ली में बिहारी होने की खौफनाक सजा: स्पेशल सेल के हवलदार ने सीने से सटाकर मारी गोली, एक की मौत, दूसरा गंभीर

New Delhi : राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां कानून के रखवाले ने ही इंसानियत को शर्मसार कर दिया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात एक हवलदार ने नशे में धुत होकर महज इसलिए दो युवकों को गोली मार दी क्योंकि वे ‘बिहार’ के रहने वाले थे। इस सनकी हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोली पांडव के सीने को चीरती हुई पीछे बैठे उसके दोस्त के पेट में जा धंसी, जिसकी हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है।

बर्थडे पार्टी की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से खगड़िया (बिहार) के रहने वाले 23 वर्षीय पांडव कुमार उत्तम नगर में रहते थे और जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करते थे। शनिवार रात वह अपने दोस्त रूपेश के दो साल के बेटे की बर्थडे पार्टी में जाफरपुर कलां गए थे। रात करीब 2 बजे जब पार्टी खत्म हुई और पांडव अपने दोस्तों कृष्ण और दीपक के साथ बाइक पर घर लौटने के लिए रावता रोड पर खड़े थे, तभी मौत बनकर हवलदार नीरज वहां पहुंचा।

“मेरे पास जगह नहीं, पर 6 लाख की पिस्टल है”
चश्मदीद रूपेश के अनुसार, दक्षिण दिल्ली में तैनात हवलदार नीरज शराब के नशे में बुरी तरह धुत था। उसने वहां खड़े युवकों से गाली-गलौज करते हुए भीड़ लगाने का कारण पूछा। जैसे ही पांडव ने बताया कि वे बिहार के रहने वाले हैं, नीरज का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने चिल्लाते हुए कहा, “तुम बिहारी लूट-लूटकर मकान बना रहे हो और मेरे पास दो फुट जमीन भी नहीं है, लेकिन ये 6 लाख की पिस्टल है।” इसके बाद उसने पिस्टल पांडव के सीने से सटाकर ट्रिगर दबा दिया।

एक गोली, दो शिकार: पांडव का सीना चीरकर कृष्ण को लगी गोली
हवलदार ने इतनी नजदीक से गोली मारी कि वह पांडव के सीने को पार करते हुए पीछे बैठे कृष्ण के पेट में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवलदार पिस्टल लहराते और धमकाते हुए मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में दोनों को डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांडव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कृष्ण अभी भी वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

थाने का घेराव और परिजनों का भारी आक्रोश
इस जघन्य हत्याकांड के बाद बिहारी समाज और पांडव के परिजनों में भारी रोष है। रविवार सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपी हवलदार को फांसी देने की मांग की। परिजनों का कहना है कि पांडव बेहद सरल स्वभाव का था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। द्वारका डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी नीरज की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

No comments