घर से नाबालिग को उठा ले गई पुलिस, ‘थर्ड डिग्री’ देने के आरोप में SHO समेत चार पर FIR दर्ज; वेंटिलेटर पर पहुंचा मासूम

भिवाड़ी (रेवाड़ी) : नाबालिग लड़के के साथ पुलिस हिरासत में बर्बर मारपीट और थर्ड डिग्री यातना देने का गंभीर मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। इस मामले में यूआईटी थाना प्रभारी दारा सिंह मीणा सहित चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ रविवार देर रात एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों पर मारपीट और एससी/एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पहले कई बार शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी पीड़ित परिवार के समर्थन में उतर आए और थाने के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। बढ़ते विरोध के बाद पुलिस प्रशासन पर दबाव बना और आखिरकार एफआईआर दर्ज करनी पड़ी।
रविवार शाम करीब सात बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और परिजन चौपानकी थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। रात करीब नौ बजे पूर्व विधायक संदीप यादव और कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान भी धरने में शामिल हुए, जिसके बाद मामला और गरमा गया।
परिजनों के अनुसार, 21 अप्रैल को दोपहर करीब तीन बजे पुलिस उनके घर पहुंची और 16 वर्षीय लड़के को बिना किसी स्पष्ट कारण के अपने साथ ले गई। उस समय लड़का पूरी तरह स्वस्थ था। बाद में परिवार को फोन पर उसकी रोने की आवाज सुनाई दी, जिसमें वह मदद की गुहार लगा रहा था और पुलिस द्वारा मारपीट का आरोप लगा रहा था।
अगले दिन जब परिजन थाने पहुंचे तो उन्हें नाबालिग से मिलने नहीं दिया गया। बाद में पुलिस ने बताया कि लड़के को भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो वह वेंटिलेटर पर गंभीर हालत में मिला।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जयपुर रेफर किए जाने के बाद अस्पताल में पुलिसकर्मियों ने उन्हें वीडियो और फोटो बनाने से रोका और डिलीट करवाने का दबाव बनाया।
वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि नाबालिग के फेफड़ों में संक्रमण पाया गया है और उसका इलाज चल रहा है। मामले की जांच एडिशनल एसपी अतुल साहू को सौंपी गई है और निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
No comments