Recent Posts

Breaking News

यमुनानगर महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

यमुनानगर। हरियाणा में यमुनानगर महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी शीलावती के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों को काबू किया। शिकायत के अनुसार, जिले की एक युवती ने पुलिस को बताया कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वह नौकरी के सिलसिले में चंडीगढ़ में रह रही थी।

इसी दौरान उसकी मुलाकात एक जिम ट्रेनर से हुई, जिसके माध्यम से उसकी पहचान जसविंदर सिंह निवासी मोहाली से हुई। आरोप है कि जसविंदर ने शादी का झांसा देकर नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी से मुकरता रहा। पीड़िता के अनुसार, बाद में उसकी मुलाकात रूपनगर निवासी किरणजीत सिंह से करवाई गई, जिसने भी शादी का भरोसा देकर उसके साथ जबरन संबंध बनाए।

आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने दवाइयों के जरिए गर्भपात करवाया। मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया, जिसमें जसविंदर ने युवती की निजी तस्वीरें उसके मंगेतर को भेज दीं, जिससे उसका रिश्ता टूट गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान उप निरीक्षक मुकेश कुमारी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

No comments