सड़क पर पटका, पेट पर मारी लातें और दबाया गला; कॉलेज स्टूडेंट ने स्कूल प्रिंसिपल को बीच चौराहे बुरी तरह कूटा

Jodhpur Assault Case: जोधपुर शहर के बनाड़ थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 6:45 बजे बीच सड़क पर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एक कॉलेज छात्र ने सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि प्रिंसिपल शिवराम के साथ मारपीट करते हुए उनके चेहरे पर मुक्के मारे, पेट पर लातें मारी और गला दबाने की भी कोशिश की। इस दौरान उन्हें जमीन पर पटककर बुरी तरह पीटा गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब प्रिंसिपल किसी काम से सड़क पर थे। अचानक हुए इस हमले से वह हैरान रह गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया, लेकिन आरोपी ने रोकने आए लोगों से भी बदसलूकी और धमकी दी। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सारण नगर निवासी 24 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है, जो एक कॉलेज स्टूडेंट है। पुलिस ने उसे शनिवार रात ही गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अचानक गुस्सा आ गया था, जिसके कारण उसने हमला कर दिया, हालांकि असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की पूछताछ की जा रही है। घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
No comments