“साहब पास कर दो, साली से शादी करा दूंगा”,एमपी बोर्ड की कॉपियों में छात्रों के अजीबोगरीब ऑफर

मध्य प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है, लेकिन इस बार जांच के दौरान शिक्षकों को कई हैरान करने वाले मामले सामने आए। ग्वालियर के मूल्यांकन केंद्र पर करीब 100 से अधिक कॉपियों में छात्रों ने उत्तर लिखने के बजाय पास होने के लिए अजीबोगरीब गुहार लगाई। किसी ने शादी का प्रस्ताव दिया, तो किसी ने साली से शादी कराने का लालच तक दे डाला।
कुछ छात्रों ने तो कॉपियों में 500 रुपये के नोट चिपकाए, वहीं कई ने अपना मोबाइल नंबर लिखकर UPI के जरिए पैसे देने की पेशकश की। सिर्फ लालच ही नहीं, कई छात्रों ने भावनात्मक अपील भी की। किसी ने लिखा कि फेल होने पर शादी टूट जाएगी, तो किसी ने ब्रेकअप या पारिवारिक बीमारी का हवाला देकर पास करने की गुहार लगाई।
मूल्यांकन अधिकारियों के अनुसार, बोर्ड की QR कोड प्रणाली के कारण अब यह पता नहीं लगाया जा सकता कि कॉपी किस केंद्र पर जांची जा रही है, इसलिए छात्र कॉपियों में ही इस तरह के संदेश लिखकर शिक्षकों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि शिक्षकों ने साफ किया कि उन्होंने इन संदेशों को नजरअंदाज करते हुए केवल उत्तरों के आधार पर ही मूल्यांकन किया है।
ग्वालियर के शिंदे की छावनी स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मूल्यांकन केंद्र पर इस बार 2.66 लाख से अधिक कॉपियों की जांच की गई। शिक्षकों को करीब 67 लाख रुपये का मानदेय दिया जाएगा। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, रिजल्ट की तैयारी अंतिम चरण में है और 12 अप्रैल तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।
No comments