Recent Posts

Breaking News

दीवारों पर लिख दो ‘तहरीके तालिबान हिंदुस्तान’, नोएडा में ISI से जुड़े दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, पाक से मिला था खतरनाक टास्क

  • UP ATS की कार्रवाई में हथियार बरामद, स्लीपर सेल नेटवर्क और विदेशी हैंडलर्स से जुड़े होने का शक

Noida : उत्तर प्रदेश के नोएडा में उत्तर प्रदेश एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने और भारत में बड़ी आतंकी साजिश रचने का आरोप है।

एटीएस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और दिल्ली निवासी समीर खान के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। इनके पास से पिस्टल, कारतूस, चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

VIP घरों पर हमले की थी साजिश

जांच एजेंसियों के अनुसार दोनों संदिग्ध भारत में VIP और प्रभावशाली लोगों के घरों पर ग्रेनेड हमला करने की योजना बना रहे थे। इसके लिए उन्हें संवेदनशील स्थानों की रेकी करने का टास्क दिया गया था।

एटीएस का दावा है कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम के जरिए विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में थे और लगातार वॉइस तथा वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर रहे थे।

पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी स्लीपर सेल नेटवर्क तैयार करने में भी जुटे थे। इन्हें युवाओं को जोड़ने के लिए कथित तौर पर “टीटीएच” नाम का कोड दिया गया था।

एजेंसियों के अनुसार, इन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए पहले 50 हजार रुपये एडवांस और बाद में ढाई लाख रुपये देने का वादा किया गया था। साथ ही इन्हें विदेश ले जाने और पाकिस्तान तक पहुंचाने का भी लालच दिया गया था।

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और अन्य हैंडलर्स जैसे आबिद जट से जुड़े हुए थे। इनके संपर्क में आईएसआई के कुछ कथित एजेंटों के नाम भी सामने आए हैं।

उत्तर प्रदेश एटीएस अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करने की तैयारी में है। एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े और भी लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क के हर कनेक्शन को खंगालने में जुटी हैं।

No comments