Recent Posts

Breaking News

नौकरी के नाम पर ‘मौत का सौदा’: गदरपुर के युवक को विदेश में किया कैद, QR कोड भेजकर मांगी जा रही 50 लाख की फिरौती!

उत्तराखंड : उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर से ठगी और मानव तस्करी से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साउथ कोरिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से लाखों रुपये ठग लिए गए और बाद में उसे इथोपिया में बंधक बना लिया गया। परिजनों का आरोप है कि युवक को छोड़ने के बदले 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है।

पीड़ित रोहित कुमार, जो अब्दुल्लानगर का रहने वाला है, को गदरपुर निवासी हिमांशु शर्मा ने विदेश भेजने का भरोसा दिलाया था। इस सौदे के तहत परिवार ने करीब 15 लाख रुपये तय किए थे, जिसमें से 5.65 लाख रुपये पहले ही दे दिए गए थे। आरोपी ने रोहित को इथोपिया का वीजा दिलवाकर भेजा और दावा किया कि वहीं से आगे उसे साउथ कोरिया भेजा जाएगा। लेकिन रोहित को बैंकॉक, शारजाह और दुबई होते हुए इथोपिया पहुंचाया गया, जहां 5 अप्रैल 2026 के बाद से उसका परिवार से संपर्क टूट गया।

परिजनों के अनुसार, उन्हें रोहित की कुछ तस्वीरें मिली हैं, जिनमें वह बंधा हुआ और घायल नजर आ रहा है। साथ ही कॉल रिकॉर्डिंग में 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई, जिसे बाद में 50 लाख पर लाकर QR कोड के जरिए भुगतान करने को कहा गया। पैसे न देने पर युवक के कान काटने की धमकी भी दी गई है।

परिवार ने आरोप लगाया है कि यह काम किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह का है, जिसमें कई लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि गदरपुर में एक कार्यालय खोलकर विदेश भेजने के नाम पर इस तरह की गतिविधियां चलाई जा रही थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और रोहित की सुरक्षित वापसी की मांग की है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले में हस्तक्षेप की बात कही है।

No comments