‘हिंदू हिंदू भाई-भाई’ vs ‘जय बंगाल’… भवानीपुर में संग्राम! TMC समर्थकों पर क्यों भड़क गए सुवेंदु अधिकारी?.

Bhawanipur Assembly : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत आज सात जिलों की 142 सीटों पर मतदान जारी है। दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली, नदिया और पूर्व बर्द्धमान जिलों में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों, जिसमें CRPF भी शामिल है, की व्यापक तैनाती की है।
हालांकि मतदान के दौरान कई स्थानों पर तनाव की स्थिति भी देखने को मिली। सबसे अधिक चर्चा भवानीपुर और नंदीग्राम क्षेत्र की रही, जहां भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के दौरे के दौरान माहौल गरमा गया। बताया गया कि जब वे एक मतदान केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे, तो बाहर निकलते समय उन्होंने ‘जय श्री राम’ और ‘हिंदू हिंदू भाई-भाई’ जैसे नारे लगाए। इसके जवाब में मौजूद तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों ने ‘जय बंगाल’ के नारे लगाए, जिससे दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी और हल्का तनाव उत्पन्न हो गया।
इसी बीच, चुनावी माहौल में एक और विवाद सामने आया है। पानिहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार और आरजी कर मेडिकल कॉलेज से जुड़ी पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ ने TMC कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें धमकाने की कोशिश की। रत्ना देबनाथ का आरोप है कि उन्हें उनकी बेटी के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाकर धमकाया गया और भविष्य में परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
उन्होंने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की, तो उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया और उनके मुख्य चुनाव एजेंट को भी साथ रहने की अनुमति नहीं दी गई। बाद में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए संबंधित लोगों को वहां से हटाया गया।
चुनाव आयोग ने मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि यदि ईवीएम में किसी प्रकार की छेड़छाड़ या अनियमितता की पुष्टि होती है, तो संबंधित बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।
पूरे राज्य में मतदान प्रक्रिया जारी है और प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
No comments