Recent Posts

Breaking News

छुट्टियों में ननिहाल आई दो मासूमों की जहरीली गैस से मौत' 3 बच्चों की जिंदगी भी खतरे में

  

उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर कीटनाशक गैस के संपर्क में आने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, त्रिवेणी हिल्स (इंदौर रोड) निवासी लालचंद प्रजापत के घर उनकी बेटियां अपने बच्चों के साथ गर्मी की छुट्टियां बिताने आई हुई थीं। शाजापुर निवासी पूजा अपनी डेढ़ माह की बेटी त्रिशा और जेनिशा के साथ, जबकि कायथा निवासी रानी अपने बच्चों—रेहान, नितेश और 4 वर्षीय अनिका—के साथ वहां मौजूद थीं।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात अचानक डेढ़ माह की त्रिशा और अनिका की तबीयत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन कुछ ही घंटों में दोनों बच्चियों की मौत हो गई। वहीं जेनिशा की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया है, जबकि रेहान और नितेश का इलाज उज्जैन के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस कमरे में बच्चे सो रहे थे, वहां कुछ दिन पहले गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए कीटनाशक दवा डाली गई थी। आशंका है कि उसी से निकली जहरीली गैस के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी।

घटना की जांच के लिए पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची है और विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। जिला चिकित्सालय के डॉक्टर जितेंद्र शर्मा के अनुसार, कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन न होना भी एक संभावित कारण हो सकता है, जिससे गैस का असर ज्यादा घातक हो गया।

No comments