“4 मई, दीदी गई”, सच साबित हो रही भविष्यवाणी, पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत

पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना शुरू हो गई है और शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 160 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पीछे चलती दिखाई दे रही है। बहुमत के लिए 148 सीटों के जादुई आंकड़े को बीजेपी ने शुरुआती रुझानों में ही पार कर लिया है।
मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और दोपहर तक आधिकारिक नतीजों के आने की उम्मीद है। राज्य में दो चरणों में मतदान हुआ था—पहले चरण में 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोटिंग संपन्न हुई थी।
इस बार पश्चिम बंगाल की सियासी जंग बेहद अहम मानी जा रही है, जहां एक तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी सत्ता बचाने के लिए मैदान में हैं, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी राज्य की सत्ता हासिल करने की कोशिश में है।
क्यों 293 सीटों पर हो रही मतगणना?
पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन फिलहाल 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है। दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान गड़बड़ी की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने यहां मतदान रद्द कर दिया था। इस सीट पर अब 21 मई को पुनर्मतदान होगा और 24 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर भी पुनर्मतदान कराया गया। चुनाव आयोग ने गड़बड़ी की रिपोर्ट मिलने के बाद यह निर्णय लिया था।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि यह चुनाव “जनता बनाम ममता” है और लोग टीएमसी को नकार चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ही घंटों में बीजेपी सरकार बनाने की स्थिति में होगी।
वहीं टीएमसी नेता गौतम देब ने दावा किया कि उनकी पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी और जनता का समर्थन उनके साथ है।
टीएमसी उम्मीदवार शशि पांजा ने आरोप लगाया कि मतगणना केंद्रों पर पार्टी एजेंटों को प्रवेश देने में देरी की जा रही है। कई अन्य उम्मीदवारों ने भी मतगणना प्रक्रिया में देरी और अनियमितताओं की शिकायत की है।
कोलकाता पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 4 मई को किसी भी प्रकार के विजय जुलूस, रैली या सार्वजनिक उत्सव की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी को जुलूस निकालना है तो उसे 5 मई या उसके बाद अनुमति लेकर ही ऐसा करना होगा।
राजधानी की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर पर भी रोमांचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों में यहां ममता बनर्जी कभी आगे तो कभी पीछे चलती नजर आईं, जबकि विपक्षी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के साथ कड़ी टक्कर जारी है।
No comments