फिर बरसा ‘खूनी मांझा’: न्यू उस्मानपुर में मासूम के गले की फांस बनी प्रतिबंधित डोर, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

नई दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में चाइनीज मांझे ने एक और मासूम की जिंदगी छीन ली। शनिवार, 3 मई 2026 को न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को जेपीसी अस्पताल से सूचना मिली कि मांझे से घायल एक 5 वर्षीय बच्चे को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बच्चा अपनी मां और मामा के साथ मोटरसाइकिल पर न्यू उस्मानपुर स्थित सीएनजी पंप की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर से मांझे की डोर गिर गई, जो सीधे बच्चे के गले में उलझ गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 और 223 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खतरनाक दुष्परिणामों को उजागर करती है। बावजूद इसके, राजधानी में इसकी बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है।
No comments