पहले शांत हुई बहस, फिर गली में घेरकर मेहंदी हसन को उतार दिया मौत के घाट!

यमुनानगर : हमीदा क्षेत्र के पुराना हमीदा स्थित गुजरान मोहल्ले में रविवार रात एक मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया, जिसमें 42 वर्षीय मेहंदी हसन की जान चली गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मेहंदी हसन की कुछ लोगों के साथ एक बैठक के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ देर बाद जब वह गली में टहलने निकला, तभी आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
हमले में मेहंदी हसन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि कुर्बान अली के बेटे ओवैस, सोहिल, शकीर और उनके एक सहयोगी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी केबी फार्मा एजेंसी में सप्लाई का काम करते हैं।
गंभीर रूप से घायल मेहंदी हसन को तुरंत जगाधरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और मौके पर तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
No comments