Recent Posts

Breaking News

सिर्फ खाने-पीने की चीजों की ही नहीं, आपके तकिए और रेजर की भी होती है ‘एक्सपायरी डेट’; समय रहते बदलें वरना बढ़ सकती हैं बीमारियां!.

 

रोजमर्रा की जिंदगी में हम कई ऐसी चीजों का इस्तेमाल करते हैं, जिन्हें बदलना अक्सर हम भूल जाते हैं. जैसे सुबह उठते ही जिस तौलिये से चेहरा पोंछते हैं, जिस कंघे से बाल संवारते हैं, जिस टूथब्रश से दांत साफ करते हैं या जिस तकिए पर सिर रखकर सोते हैं—इन्हें हम लंबे समय तक बिना बदले इस्तेमाल करते रहते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा समय तक इस्तेमाल की गई ये चीजें आपकी सेहत, त्वचा और बालों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती हैं?

दरअसल, रोजमर्रा की इस्तेमाल होने वाली चीजों में धीरे-धीरे बैक्टीरिया, धूल, फंगस और गंदगी जमा होने लगती है. कई बार बाहर से साफ दिखने वाली चीजें भी अंदर ही अंदर कीटाणुओं का घर बन जाती हैं. इससे स्किन इंफेक्शन, एलर्जी, डैंड्रफ और कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स का खतरा बढ़ सकता है.

कंघा बदलने का सही समय
कंघा हमारी डेली लाइफ का अहम हिस्सा है, जो सीधे स्कैल्प के संपर्क में आता है. इसमें धूल और बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं, जिससे बालों की समस्या बढ़ सकती है. एक्सपर्ट्स के अनुसार कंघे को हर हफ्ते साफ करना चाहिए और करीब 6 से 12 महीने में बदल देना चाहिए.

तौलिया कब बदलें?
तौलिया बार-बार गीला होने के कारण बैक्टीरिया और फंगस का घर बन सकता है. इसे हर 2-3 दिन में धोना जरूरी है और लगभग 1 से 2 साल के भीतर बदल देना चाहिए, खासकर जब यह खुरदुरा या बदबूदार होने लगे.

तकिया बदलना भी जरूरी
तकिए में समय के साथ धूल, पसीना और डेड स्किन जमा हो जाती है, जिससे एलर्जी और गर्दन दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार तकिए को हर 1 से 2 साल में बदल देना चाहिए.

टूथब्रश का समय पर बदलना जरूरी
टूथब्रश के ब्रिसल्स समय के साथ खराब हो जाते हैं और यह सही सफाई नहीं कर पाता. डेंटिस्ट्स सलाह देते हैं कि टूथब्रश को हर 3 महीने में बदल देना चाहिए.

रेजर कब बदलें?
रेजर का ब्लेड समय के साथ कुंद हो जाता है, जिससे स्किन कटने और इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है. नियमित इस्तेमाल में रेजर को 5 से 10 बार उपयोग के बाद बदल देना चाहिए.

इसलिए रोजमर्रा की इन चीजों को समय पर बदलना न सिर्फ आपकी हाइजीन बल्कि आपकी सेहत के लिए भी बेहद जरूरी है।

No comments