यूट्यूबर प्रेमिका ने प्रेमी को जिंदा जलाया, एक हफ्ते बाद मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम.

Bankati, Basti : मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के बरहुंआ गांव निवासी प्रेमी राम चन्दर गुप्ता ने जिंदगी और मौत के बीच एक सप्ताह तक संघर्ष करने के बाद बुधवार रात करीब दस बजे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया जाता है कि यूट्यूबर प्रेमिका कान्ती चौधरी ने पिछले शुक्रवार देर रात अपने प्रेमी राम चन्द्र गुप्ता को घर के अंदर सोते समय जान से मारने की नीयत से आग लगा दी और बाहर से फाटक की कुंडी बंद कर फरार हो गई। जब आग ने विकराल रूप ले लिया, तो घर में बंद प्रेमी की आंख खुली। जान बचाने के लिए वह दरवाजे की तरफ दौड़ा, लेकिन बंद दरवाजा देखकर उसके होश उड़ गए। उसे लगा कि अब वह जलकर मर जाएगा। इसके बाद वह घर में बने छत के रास्ते ऊपर चढ़ा और बयाला से करीब 10 फीट नीचे कूद पड़ा।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हकीकत जानने के बाद उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया गया, जहां से उसे बस्ती रेफर किया गया। बाद में डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
यूट्यूबर प्रेमिका कान्ती की शादी 10 वर्ष पूर्व बगल के लालगंज थाना क्षेत्र के थाल्हापार गांव निवासी दयाशंकर से रीति-रिवाज के साथ हुई थी। उनसे उसके दो बच्चे हैं, जो इस समय अपने ननिहाल में रह रहे हैं। प्रेमिका का मायका कलवारी थाना क्षेत्र के बैरागल गांव में है।
बताया गया कि होली से पहले प्रेमिका अविवाहित प्रेमी के घर रहने के लिए आ गई थी। अलग निवास कर रहे माता-पिता ने पूरी हकीकत जानने के बाद उसे घर में रखने से इनकार कर दिया, तो प्रेमिका ने घर के सामने कुनैन की गोली खा ली थी। भयवश माता-पिता ने उसे घर में शरण दे दी थी।
प्रेमी दो भाइयों में छोटा था और गांव में रहकर जीवन-यापन के लिए डीजे बजाने का काम करता था। बड़ा भाई जमुना प्रसाद गुप्ता बाहर रहकर मेहनत-मजदूरी करता है और पहले से ही अलग रहता है। वह इस समय भी बाहर ही है।
घटना के बाद प्रेमिका और प्रेमी का परिवार घर छोड़कर फरार है। वहीं, पति दयाशंकर ने कुटुंब न्यायालय बस्ती में दावा दाखिल किया है, जिसमें 2 अप्रैल 2026 को पेश होना था, लेकिन उस दिन प्रेमी जिंदगी और मौत से जूझ रहा था। आज भी प्रेमिका के आधार कार्ड पर पति का नाम दयाशंकर और पता उपरोक्त ही दर्ज है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी मुण्डेरवा पुलिस एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
No comments