‘साइकिल से बेहतर कुछ नहीं’, पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों में पर अखिलेश यादव बोले- ‘हमने तो पहले ही कहा था..’

लखनऊ। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
तेल कंपनियों द्वारा ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी किए जाने के बाद अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मैंने तो पहले ही कहा था- साइकिल से बेहतर कुछ नहीं।” उनका यह बयान तेजी से वायरल हो गया और इसे महंगाई पर सरकार पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।
साइकिल ही सबसे बेहतर विकल्प- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा हालात में आम जनता के लिए साइकिल सबसे बेहतर विकल्प साबित हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने योगी सरकार पर भी हमला बोलते हुए मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में देरी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसा कि क्या अब मंत्रियों के विभागों की “पर्ची भी ऊपर से आएगी?”
सरकार पर तीखा हमला
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मंत्रालयों और विभागों के बंटवारे में देरी के पीछे “कमीशन और कमाई के बंटवारे” को लेकर खींचतान चल रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के भीतर समन्वय की कमी साफ दिखाई दे रही है।
महंगाई से जनता परेशान
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद देश के कई शहरों में ईंधन के दाम 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गए हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे बड़े महानगरों में भी आम जनता को महंगाई का सीधा असर झेलना पड़ रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और घरेलू कर संरचना के कारण ईंधन की कीमतों पर लगातार दबाव बना हुआ है।
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण कीमतों में बदलाव हो रहा है। इस बीच अखिलेश यादव का बयान राजनीतिक बहस को और तेज कर गया है।
No comments