Recent Posts

Breaking News

तीन प्रदेशों में प्रचंड जीत पर विजय जुलूस निकालकर बैंड-बाजे की थाप पर जमकर थिरके भाजपा कार्यकर्ता.

 

  • विजय जुलूस निकालकर बैंड-बाजे की थाप पर जमकर थिरके भाजपा कार्यकर्ता
  • एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर किया खुशी का इजहार, यूपी में हैट्रिक का भरा जोश

Banda : पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत पर भाजपाइयों ने जमकर खुशी मनाई और विजय जुलूस निकालकर खूब आतिशबाजी की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और बैंड-बाजे की थाप पर जमकर ठुमके लगाए।

तीन राज्यों में प्रचंड जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर जीत की हैट्रिक लगाने का दम भरा।
सोमवार को जब पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम आए, तो एक के बाद एक तीन प्रदेशों में भाजपा को प्रचंड जीत हासिल हुई।

जीत के बढ़ते आंकड़ों के साथ ही भाजपाइयों की खुशी के पैमाने में भी इजाफा होता गया और पश्चिम बंगाल में पहली बार मिली ऐतिहासिक जीत ने उनकी खुशी को और बढ़ा दिया। भाजपाई पश्चिम बंगाल में जहां जीत का खाता खुलने से उत्साहित दिखे, वहीं असम में जीत की हैट्रिक की खुशी दोगुनी हो रही थी। उधर पुडुचेरी में प्रचंड जीत ने भाजपाइयों को उत्साह से भर दिया।

सुबह से मिल रहे रुझानों के बाद ही भाजपाइयों ने जश्न की तैयारियां शुरू कर दीं और शाम होते-होते भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत की अगुवाई में कार्यकर्ता विजय जुलूस लेकर शहर की सड़कों पर निकल पड़े। भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ विजय जुलूस शहर के बाबूलाल चौराहे पर पहुंचकर आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ समाप्त हुआ। भाजपाइयों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और बैंड-बाजे की थाप पर जमकर ठुमके लगाए।

जिलाध्यक्ष श्री राजपूत ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आम जनमानस के अपार समर्थन और आशीर्वाद का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत जनविश्वास के साथ ही विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की जीत है। पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रवाद के अमर पुरोधा श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा की प्रचंड जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता की अगुवाई में महिला कार्यकर्ताओं ने भी जीत की खुशी में जमकर ठुमके लगाए। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए तैयार रहना चाहिए।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू, भाजपा जिला महामंत्री ममता मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष राजभवन उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष संतोष राजपूत, राजेश गुप्ता रज्जन, उत्तम सक्सेना, अंकित गुप्ता बासू, विनोद जैन, संतू गुप्ता, संतोष नायक, शिवपूजन गुप्ता, नीरज त्रिपाठी, रंजना श्रीवास्तव, लखन कुशवाहा समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।

No comments