‘पिताजी, मैं बहुत परेशान हूं..’, बाथरूम का दरवाजा तोड़कर देखा तो टूट गया सपना… फंदे पर लटका था जज बेटा, पिता बोले- परेशानी में था बेटा.

दिल्ली : सफदरजंग इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक जज, अमन कुमार शर्मा ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने न सिर्फ न्यायिक समुदाय बल्कि आम लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।
पिता बोला- परेशानी में था बेटा
मृतक के पिता, जो राजस्थान के अलवर के रहने वाले हैं, ने बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ समय से अपनी वैवाहिक जिंदगी को लेकर गहरे तनाव में था। घटना वाली रात करीब 10 बजे अमन का फोन आया, जिसमें वह रोते हुए कह रहा था, “पिताजी, मैं बहुत परेशान हूं, अब जीना मुश्किल हो गया है।”
बेटे की हालत सुनते ही पिता तुरंत अलवर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए और रात करीब 12 बजे घर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
दो महीेने से पत्नी से चल रहा था विवाद
पिता का आरोप है कि पिछले दो महीनों से अमन और उनकी पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि घर में अमन की बातों को महत्व नहीं दिया जाता था और पत्नी का दबदबा ज्यादा था। साथ ही, अमन की साली, जो एक आईएएस अधिकारी हैं, के भी घरेलू मामलों में हस्तक्षेप का आरोप लगाया गया है।
पिता के मुताबिक, जब उन्होंने बहू को समझाने की कोशिश की, तो उन्हें ही घर से बाहर जाने को कहा गया और पुलिस बुलाने की धमकी दी गई।
बाथरूम में मिला शव
घटना वाली रात घर में काफी तनावपूर्ण माहौल था। बताया जा रहा है कि एक कमरे में अमन रो रहे थे, जबकि दूसरे कमरे में उनकी पत्नी थीं। कुछ देर बाद जब अमन नजर नहीं आए, तो पिता ने उन्हें फोन किया। फोन की घंटी बाथरूम के अंदर से बज रही थी।
दरवाजा तोड़ने पर अमन का शव फंदे से लटका मिला। उन्होंने कथित तौर पर पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने (एबेटमेंट) के एंगल से जांच शुरू कर दी है। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव की गंभीरता को उजागर करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में समय रहते संवाद और परामर्श बेहद जरूरी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सच्चाई सामने आने का इंतजार है।
No comments