करसोग में सभी प्रत्याशी वापस लेंगे नामांकन, लोगों ने लिया फैसला, किया यह ऐलान

नगर पंचायत करसोग के चुनाव में रविवार देर शाम अचानक एक बहुत बड़ा घटनाक्रम होते हुए सामूहिक तौर पर स्थानीय लोगों ने फैसला लिया कि नगर पंचायत करसोग के जिन वार्डों से भी नामांकन पत्र चुनाव के लिए दाखिल किए गए हैं वह सभी वापस लिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत करसोग के सात वार्ड हैं, जिसमें वार्ड सात बरल से नगर पंचायत चुनाव के लिए बहिष्कार का बिगुल बजाते हुए कोई भी नामांकन पत्र जहां दाखिल नहीं किया गया है, वहीं नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर एक में पहले ही मात्र एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ है।
करसोग में रविवार को एक बहुत बड़ी बैठक पुराना बाजार में आयोजित की गई, जिसमें नगर पंचायत करसोग के सभी वार्डों के लोगों द्वारा भाग लिया गया और यह फैसला लिया गया कि जिन उम्मीदवारों ने भी अपने नामांकन पत्र नगर पंचायत करसोग में दाखिल किए हैं, वे आगामी प्रक्रिया में अपने नामांकन पत्र वापस ले लेंगे।
इस मौके पर अधिकांश नामांकन करने वाले उम्मीदवार मौजूद रहे और उन्होंने बाकायदा मीडिया के सामने आकर बोला कि वे अपने नामांकन वापस लेंगे। उन्होंने कहा कि गत वर्षों के दौरान कई प्रकार के टैक्स लगाए गए हैं, जबकि विकास कार्य नाममात्र ही हुए हैं।
इसी के विरोध में जनता चुनाव में शामिल नहीं होना जाती है और सभी प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र वापस ले लेंगे। अधिवक्ता पूर्ण चंद, जो कि जन एकता संघर्ष समिति वार्ड नंबर-7 निवासी हैं, ने जानकारी दी कि जिन उम्मीदवारों ने भी अपने नामांकन पत्र दाखिल किए है, वे इन्हें वापस लेने को राजी हो गए हैं। सभी उम्मीदवारों से बात हुई है और अधिकांश उम्मीदवार बैठक में भी पहुंचे थे।
जो बैठक में नहीं पहुंच पाए थे, उन्होंने भी अपनी सहमति दे दी है कि आगामी दिनों में वे भी अपने नामांकन पत्र वापस ले लेंगे। ऐसे में नगर पंचायत करसोग को खत्म करते हुए आम पंचायत का गठन करने के रास्ते पर सभी लोग चलने के लिए तैयार हो गए हैं।
फिलहाल नगर पंचायत करसोग के चुनाव को लेकर स्थिति बड़ी अजीबोगरीब बन चुकी है। अब देखना यह होगा कि नामांकन पत्र वापस लेने वाले दिन सभी उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस लेते हैं या नहीं लेते हैं उसके बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट होगी।
No comments