Recent Posts

Breaking News

‘मामी ने मेरे कटवाए दोनों स्तन…’, नाबालिग छात्रा का जबरन जेंडर परिवर्तन ; मामी ने ₹1.32 लाख खर्च कर दिल्ली में कराया ऑपरेशन


Rajasthan : भरतपुर (राजस्थान) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें आयुर्वेद नर्सिंग की पढ़ाई कर रही एक नाबालिग छात्रा के कथित जबरन जेंडर परिवर्तन और गंभीर सर्जरी को लेकर पुलिस और चिकित्सा तंत्र सवालों के घेरे में आ गया है। आरोप है कि रिश्ते में मामी लगने वाली एक महिला छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर दिल्ली ले गई, जहां उसका जेंडर परिवर्तन कराने की प्रक्रिया शुरू कराई गई और एक निजी अस्पताल में उसके दोनों स्तन तक निकाल दिए गए।

घटना तब सामने आई जब छात्रा बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश हुई, जहां उसके शरीर पर ऑपरेशन के निशान देखकर पूरे मामले का खुलासा हुआ। समिति के अनुसार छात्रा 4 जून को बरामद की गई थी।

जानकारी के मुताबिक छात्रा भरतपुर के एक निजी संस्थान में पढ़ाई कर रही थी और किराये के कमरे में रहती थी। आरोप है कि 18 से 27 अप्रैल के बीच महिला ने उसे मानसिक रूप से प्रभावित किया और जेंडर परिवर्तन के लिए तैयार किया। इसके बाद 27 अप्रैल को उसे दिल्ली ले जाया गया, जहां एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराया गया। बताया जा रहा है कि इसके लिए महिला ने अपने गहने बेचकर करीब 1.32 लाख रुपये जुटाए और अस्पताल में भुगतान किया।

इधर छात्रा के पिता ने मथुरा गेट थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलने पर दोनों को पीछे के रास्ते से निकाल दिया गया और सीसीटीवी रिकॉर्ड भी हटाए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद दोनों दिल्ली, मुरादाबाद, अलीगढ़, मथुरा और वृंदावन तक घूमती रहीं।

बाल कल्याण समिति ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए मेडिकल जांच, काउंसलिंग और उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही डॉक्टर और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की सिफारिश की गई है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

No comments