Recent Posts

Breaking News

15 साल की राधिका की बेरहमी से हत्या, अटैची में लाश भरकर जंगल में फूंका; कंकाल देख कांप उठी रूह.

 

नवांशहर : पंजाब के नवांशहर से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली और खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया है। पिछले 4-5 दिनों से लापता 10वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा राधिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सनकी हत्यारे ने न सिर्फ मासूम की जान ली, बल्कि गुनाह को छिपाने के लिए जो तरीका अपनाया, उसे सुनकर पूरा इलाका दहल उठा है। आरोपी ने हत्या के बाद शव को एक अटैची (सूटकेस) में बंद किया और बाइक पर लादकर जंगलों में ले जाकर फूंक दिया। पुलिस ने इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

4 दिनों से चल रही थी मासूम की तलाश

जानकारी के अनुसार, 15 साल की राधिका बीते 4-5 दिनों से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और सहेलियों के घर भी पता किया, लेकिन जब राधिका का कहीं कोई सुराग नहीं लगा, तो हताश परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस शुरुआत में इसे आम लापता का मामला मानकर जांच कर रही थी, लेकिन किसे पता था कि इस गुमशुदगी के पीछे एक खौफनाक मर्डर मिस्ट्री छिपी है।

अटैची में लाश, बाइक पर सफर और फिर…

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में जो सच सामने आया, उसने जांच अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। आरोपी ने पहले तो मासूम राधिका को मौत के घाट उतारा। इसके बाद लाश को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने के लिए उसने शव को एक बड़ी अटैची के अंदर बेरहमी से ठूंसकर पैक कर दिया। हैवानियत की हद तो तब पार हो गई, जब आरोपी उस अटैची को अपनी मोटरसाइकिल पर लादकर गढ़शंकर के मानसेवाल के घने जंगली इलाके में ले गया। वहां उसने पहचान मिटाने की नीयत से अटैची सहित शव को आग के हवाले कर दिया।

जंगल में कंकाल मिलने से खुला खौफनाक राज

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस को मानसेवाल के जंगलों में एक जला हुआ मानव कंकाल बरामद हुआ। इसके बाद जब पुलिस ने संदिग्धों की लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां बेहद चौंकाने वाली मिलीं। पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिसिया कड़ाई के आगे आरोपी टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी इलाके में एक किराए के मकान में रहता था।

SSP की प्रेस कॉन्फ्रेंस में होगा बड़ा खुलासा

इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और इलाके में तनाव का माहौल है। हालांकि, हत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी? क्या मासूम के साथ कोई और दरिंदगी भी हुई थी? इन सब सवालों पर से पर्दा उठना अभी बाकी है। नवांशहर के एसएसपी (SSP) तुषार गुप्ता इस पूरे मामले को लेकर एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं, जिसमें इस हत्याकांड की कड़ियों और मुख्य मोटिव का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने फिलहाल गुमशुदगी के मामले को हत्या (मर्डर) की संगीन धाराओं में तब्दील कर आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।

No comments