Recent Posts

Breaking News

‘मेड इन पाकिस्तान…’, प्रतिबंधों के बाद भी भारतीय बाजार में कैसे पहुंची पाकिस्तानी चादर? पुणे के चिंचवाड़ पुलिस के सामने खड़ा हुआ बड़ा सवाल..

 

मुंबई : महाराष्ट्र के पुणे जिले के चिंचवाड़ इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मंदिर के पास लगे मेले से खरीदी गई चादर पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ का टैग मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला चादर पर लगे टैग को दिखाते हुए नाराजगी जताती नजर आ रही है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चिंचवाड़ क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध मोरया गोसावी मंदिर के पास संकष्टी चतुर्थी के अवसर पर हर महीने मेले जैसा माहौल रहता है, जहां अस्थायी दुकानें और ठेले लगाए जाते हैं। इन्हीं में से एक ठेले से महिला ने कुछ चादरें खरीदी थीं।

महिला का कहना है कि जब वह चादरें धोकर सुखाने के लिए डाल रही थी, तभी उस पर लगा टैग दिखाई दिया, जिस पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखा था। इसके बाद उसने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की और इस पर नाराजगी जताई।

वीडियो में महिला ने सवाल उठाया कि प्रतिबंधों के बावजूद ऐसे उत्पाद भारत में कैसे पहुंच रहे हैं और कितने लोगों ने ऐसे सामान खरीदे होंगे। उसने लोगों से खरीदारी के दौरान सतर्क रहने की अपील भी की।

मामले के वायरल होने के बाद चिंचवाड़ पुलिस ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित दुकानदार कौन था, उसने यह चादरें कहां से खरीदीं और यह माल स्थानीय बाजार तक कैसे पहुंचा।

No comments